Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

जानिए कैसे देश के लिए कुर्बान हो गए थे लाला लाजपत राय? अमित शाह ने याद किया बलिदान

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और देश के अन्य शीर्ष नेताओं ने महान स्वतंत्रता सेनानी ‘पंजाब केसरी’ लाला लाजपत राय के बलिदान दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है. नेताओं ने उनके अमूल्य योगदान को याद किया.

Lala Lajpat Rai Amit Shah

भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अपने अदम्य साहस, ओजस्वी विचारों और सर्वोच्च बलिदान के लिए अमर रहने वाले ‘पंजाब केसरी’ लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि (बलिदान दिवस) पर पूरा देश उन्हें कृतज्ञता के साथ याद कर रहा है. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके महान संघर्ष और राष्ट्रभक्ति को नमन किया है.

स्वतंत्रता की अलख जगाने वाले प्रमुख स्तंभ

28 जनवरी 1865 को पंजाब के धुडीके गांव में जन्मे लाला लाजपत राय भारतीय राजनीति की प्रसिद्ध ‘लाल-बाल-पाल’ (लाला लाजपत राय, बाल गंगाधर तिलक और बिपिन चंद्र पाल) त्रयी के प्रमुख स्तंभ थे. उन्होंने न केवल अंग्रेजों के खिलाफ जन-आंदोलनों का नेतृत्व किया, बल्कि शिक्षा, स्वदेशी और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में भी गहरी नींव रखी. उन्होंने डीएवी कॉलेज के विस्तार और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) जैसे वित्तीय संस्थानों की स्थापना में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.

साइमन कमीशन का विरोध

वर्ष 1928 में जब भारत में साइमन कमीशन का विरोध हो रहा था, तब लाहौर में हुए विशाल प्रदर्शन का नेतृत्व लाला लाजपत राय कर रहे थे. इस दौरान ब्रिटिश पुलिस के निर्मल लाठीचार्ज में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे. अंग्रेजों की लाठियों की चोट सहते हुए उन्होंने गर्जते हुए कहा था कि उनके शरीर पर पड़ी हर एक चोट ब्रिटिश साम्राज्य की ताबूत में एक कील साबित होगी. अंततः 17 नवंबर 1928 को राष्ट्र सेवा करते हुए उनका महाप्रयाण हुआ.

ये भी पढ़ें: ‘प्रखर राष्ट्रवाद और हिंदुत्व के बुलंद स्वर थे बालासाहेब ठाकरे…’ पुण्यतिथि पर गृह मंत्री अमित शाह का नमन

देशभर के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

लाला लाजपत राय के इस महान बलिदान दिवस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान समेत देश के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके अदम्य साहस को याद किया. उनका जीवन आज भी देश के युवाओं के लिए राष्ट्रभक्ति, निस्वार्थ सेवा और अटूट साहस की सबसे बड़ी प्रेरणा बना हुआ है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026