केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता दौरे के दौरान एक खास मुलाकात चर्चा का विषय बन गई. सोमवार को उन्होंने बंगाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और निर्माता प्रोसेनजीत चटर्जी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की. इस दौरान दोनों के बीच सौहार्दपूर्ण बातचीत हुई और अमित शाह ने अभिनेता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष पुस्तिका भी भेंट की.
सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीर
मुलाकात के बाद अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी तस्वीर शेयर की. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि कोलकाता स्थित आवास पर प्रख्यात अभिनेता, निर्देशक और लेखक प्रोसेनजीत चटर्जी से आत्मीय मुलाकात हुई. उन्होंने बताया कि यह मुलाकात केंद्र सरकार के विशेष जनसंपर्क अभियान का हिस्सा थी, जिसके तहत विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को सरकार के 12 वर्षों के कामकाज और उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है. इसी उद्देश्य से उन्होंने प्रोसेनजीत चटर्जी को यह पुस्तिका भी भेंट की.
Had a warm meeting with renowned film actor, director, and writer Prosenjit Chatterjee Ji at his residence in Kolkata.
As part of the Vishesh Jansampark Abhiyan, apprised him of the historic achievements of the Modi govt, in the 12 years.
বিখ্যাত চলচ্চিত্র অভিনেতা, পরিচালক ও… pic.twitter.com/PISej2pbIf
— Amit Shah (@AmitShah) July 6, 2026
बंगाली सिनेमा का बड़ा नाम हैं प्रोसेनजीत
प्रोसेनजीत चटर्जी का नाम बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के सबसे सफल और लोकप्रिय कलाकारों में लिया जाता है. उनके प्रशंसक उन्हें प्यार से “बंबा दा” कहकर बुलाते हैं. कई दशकों से बंगाली फिल्मों में सक्रिय प्रोसेनजीत को आधुनिक बंगाली सिनेमा का सुपरस्टार माना जाता है. अभिनय के साथ-साथ उन्होंने निर्माता के रूप में भी फिल्म उद्योग में अहम योगदान दिया है.
350 से ज्यादा फिल्मों में निभाए यादगार किरदार
अपने लंबे फिल्मी करियर में प्रोसेनजीत चटर्जी 350 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके हैं. चोखेर बाली, बाइशे श्रावण और वेब सीरीज जुबली में उनके अभिनय को दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों ने भी खूब सराहा. बंगाली फिल्मों के अलावा उन्होंने हिंदी सिनेमा में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. आंधियां और शंघाई जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया.
फिल्म उद्योग में उनके असाधारण योगदान को देखते हुए उन्हें बंगाली फिल्म जगत में “मिस्टर इंडस्ट्री” के नाम से भी जाना जाता है. भारतीय सिनेमा में उनके लंबे और महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें पद्म श्री सम्मान से भी नवाजा जा चुका है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




