भारत की सरहदों को पूरी तरह से अभेद्य बनाने और सुरक्षा तंत्र को चाक-चौबंद करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय ‘मिशन बॉर्डर’ पर बीकानेर में मौजूद हैं. गृह मंत्री भारत के विभिन्न अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्रों का सघन प्रवास कर रहे हैं. इसी कड़ी में आज (मंगलवार) उनका पूरा फोकस राजस्थान सीमा पर रहेगा, जहां वे न केवल सीमा सुरक्षा की हाई-लेवल समीक्षा करेंगे, बल्कि विकास और घुसपैठ को लेकर एक नया और कड़ा ‘एक्शन प्लान’ भी तैयार करेंगे.
सांचू सीमा चौकी पर होगा सीधा संवाद
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आज मंगलवार सुबह 10 बजे अमित शाह BSF की ‘सांचू सीमा चौकी’ (Sanchu Border Post) का दौरा करेंगे. यहां वे देश के प्रहरियों (BSF जवानों) के साथ सीधा संवाद कर उनकी जमीनी चुनौतियों को समझेंगे और उनका हौसला बढ़ाएंगे. इसी दौरान गृह मंत्री सरहद पर तैनात सुरक्षा बलों की सुविधा और मजबूती के लिए कई अहम योजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे, जिससे जवानों के बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार आएगा.
5 जिलों के DM-SP के साथ ‘महा-बैठक’
सांचू पोस्ट के बाद बीकानेर में एक बहुत ही महत्वपूर्ण सुरक्षा संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी. इस बैठक का मुख्य एजेंडा ‘घुसपैठ रोकने की रणनीति’ (Anti-Infiltration Strategy) और ‘बॉर्डर क्षेत्रों का विकास’ होगा.
ये भी पढ़ें: ‘सुलह या महायुद्ध!’ ईरान पर डोनाल्ड ट्रंप की खुली चेतावनी, मुस्लिम देशों से की ये बड़ी अपील
इस हाई-प्रोफाइल बैठक में गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, राजस्थान सरकार के शीर्ष अधिकारी और BSF के आला कमान मौजूद रहेंगे. सबसे खास बात यह है कि इस बैठक में सीमा से सटे 5 जिलों के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) विशेष रूप से हिस्सा लेंगे, ताकि स्थानीय स्तर पर सुरक्षा का कड़ा ग्रिड तैयार किया जा सके.
29 मई को गुजरात के भुज का प्रवास
बीकानेर में राजस्थान बॉर्डर की सुरक्षा चाक-चौबंद करने के बाद गृह मंत्री का यह ‘मिशन बॉर्डर’ यहीं नहीं रुकेगा. अमित शाह 29 मई को गुजरात के भुज का प्रवास करेंगे. वहां वे कच्छ के रण और क्रीक इलाके में स्थित BSF की सीमा चौकियों का मुआयना करेंगे और समुद्री व जमीनी सुरक्षा की सघन समीक्षा करेंगे. अमित शाह के इन दौरों से साफ है कि केंद्र सरकार देश की सीमाओं पर जीरो-टॉलरेंस और ‘स्मार्ट फेंसिंग’ की नीति को पूरी सख्ती के साथ लागू करने जा रही है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


