Bharat Express DD Free Dish

अमित शाह ने बजट को ‘विकसित भारत बजट’ करार दिया, कहा- ‘पीएम मोदी का संकल्प मजबूत’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मंत्री नितिन गडकरी ने बजट 2026-27 को विकसित भारत का रोडमैप करार दिया है. बजट युवाओं, किसानों और एमएसएमई को सशक्त बनाने और हर क्षेत्र में विकास को बढ़ावा देने वाला है.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए रविवार को पेश किए गए केंद्रीय बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का मजबूत संकल्प करार दिया है. अमित शाह ने बजट की सराहना करते हुए विकसित भारत बजट का टैग दिया.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “बजट 2026-27 के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी जी ने सिद्ध किया है कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि हमारी सरकार का संकल्प है. इस बजट में न सिर्फ हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर नागरिक को सशक्त बनाने का एक स्पष्ट ब्लूप्रिंट है, बल्कि उसे प्रोत्साहन देने का एक जमीनी विजन भी है, जो उसे हर कदम पर मदद करेगा. विकसित भारत बजट एक ऐसे भारत के निर्माण का विजन है, जो विश्व में हर क्षेत्र में अग्रणी हो.”

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मैन्युफैक्चरिंग से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक, स्वास्थ्य से लेकर टूरिज्म तक, ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर एआई तक, स्पोर्ट्स से लेकर तीर्थों तक, विकसित भारत बजट हर गांव, हर कस्बे और हर शहर के युवाओं, महिलाओं तथा किसानों के सपनों को शक्ति देकर उन्हें पूरा करने वाला बजट है. 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और अगले 25 वर्षों के रोडमैप को दर्शाने वाले इस बजट के लिए पीएम नरेंद्र मोदी और वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण का हर भारतवासी की ओर से हार्दिक अभिनंदन.”

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा, “केंद्रीय बजट 2026 किसानों, युवाओं और एमएसएमई पर केंद्रित एक निर्णायक रोडमैप पेश करता है, जो समावेशी विकास, इनोवेशन और पूंजी निवेश की नींव को मजबूत करता है, क्योंकि भारत विकसित भारत 2047 की ओर बढ़ रहा है. मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक ऐसी वित्तीय रणनीति के लिए हार्दिक धन्यवाद देता हूं जो उत्पादकता, प्रतिस्पर्धा और उद्यमिता को बढ़ावा देती है, और भारत को वैश्विक विनिर्माण और इनोवेशन लीडर के रूप में स्थापित करती है.”

गडकरी ने पोस्ट में आगे लिखा, “आर्थिक लचीलेपन, नागरिक सशक्तिकरण और समान पहुंच पर आधारित यह बजट वैश्विक अनिश्चितताओं का आत्मविश्वास से जवाब देता है. इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य सेवा में लक्षित निवेश उत्पादकता बढ़ाते हैं, जीवन की गुणवत्ता में सुधार करते हैं, और आवश्यक सेवाओं तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करते हैं. आत्मनिर्भरता और स्थायी क्षमता निर्माण पर मजबूत फोकस के साथ, यह बजट एक विकसित भारत के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है – जो लचीला, अवसरों से भरा और विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी है.”

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने हिमंत बिस्वा सरमा को दी जन्मदिन की बधाई, कहा- ‘आपके नेतृत्व में असम में प्रगति’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read