Bharat Express DD Free Dish

‘ऑपरेशन सिंदूर’ में पाकिस्तान के आतंकी ठिकाने ध्वस्त, अमित शाह ने एनएसजी स्थापना दिवस पर किया बड़ा खुलासा

हरियाणा के मानेसर में एनएसजी के 41वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों, प्रशिक्षण केंद्रों और लॉन्च पैड्स को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया.

HM Amit Shah

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को हरियाणा के मानेसर स्थित राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) मुख्यालय में आयोजित 41वें स्थापना दिवस समारोह में देश की सुरक्षा एजेंसियों की सराहना की और कहा कि भारत की सशस्त्र सेनाओं ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कदम उठाए हैं. शाह ने खुलासा किया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी संगठनों के मुख्यालय, प्रशिक्षण केंद्र और लॉन्च पैड्स को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है.

अमित शाह ने कहा कि यह अभियान भारत की आतंकवाद के प्रति ‘ज़ीरो टॉलरेंस पॉलिसी’ को दर्शाता है. बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर मई महीने में तब शुरू किया गया था, जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को एक आतंकवादी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी. इस हमले के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की धरती पर स्थित आतंकी बुनियादी ढांचों और रक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया था.

गृह मंत्री ने कहा, “हमारे जवानों ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी संगठनों के ठिकानों को ध्वस्त कर यह संदेश दिया है कि भारत अपनी सीमाओं के भीतर या बाहर कहीं भी आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा.” उन्होंने एनएसजी कमांडो को ‘भारत की आंतरिक सुरक्षा का सबसे मजबूत स्तंभ’ बताया और कहा कि एनएसजी के ‘ब्लैक कैट’ कमांडो आतंकवाद रोधी अभियानों से लेकर उच्च जोखिम वाले वीआईपी की सुरक्षा तक में अपना उत्कृष्ट योगदान दे रहे हैं.

अयोध्या में बनेगा एनएसजी हब

शाह ने इस मौके पर घोषणा किया कि सरकार उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एनएसजी का छठा केंद्र स्थापित करने जा रही है. उन्होंने कहा कि इससे उत्तर भारत में एनएसजी की तैनाती और तेजी से प्रतिक्रिया देने की क्षमता और भी मजबूत होगी. वर्तमान में एनएसजी के पांच केंद्र मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद और गांधीनगर में संचालित हैं.

अमित शाह ने कहा कि 1984 में स्थापना के बाद से एनएसजी ने हर चुनौती का सामना अदम्य साहस और पेशेवर कुशलता से किया है. उन्होंने 26/11 मुंबई हमले, पठानकोट ऑपरेशन और कई आतंकवादी घटनाओं में एनएसजी के बहादुरीपूर्ण योगदान को याद किया.

गृह मंत्री ने कहा, “एनएसजी ने ना केवल देश के भीतर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की सुरक्षा क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. सरकार इस बल के आधुनिकीकरण और तकनीकी उन्नयन पर निरंतर कार्य कर रही है.”

शाह ने अंत में कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई को और मजबूत करेगा, और एनएसजी जैसी संस्थाएं इस दिशा में देश की सुरक्षा ढाल बनी रहेंगी.

ये भी पढ़ें- Bihar Election 2025: 9 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके नीतीश कुमार ने कब और किस सीट से लड़ा आखिरी चुनाव, क्या है हार जीत का निजी स्कोर ?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read