Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

अमित शाह ने झारखंड चुनाव के लिए जारी किया संकल्प पत्र, हर महीने महिलाओं को 2100 रुपये का वादा

Jharkhand Elections 2024 BJP Manifesto: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को झारखंड चुनाव के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया. पार्टी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को ध्यान में रखते हुए 150 संकल्प जारी किए हैं.

Jharkhand Jharkhand BJP Manifesto

झारखंड चुनाव घोषणा पत्र.

Dipesh Thakur Edited by Dipesh Thakur

Jharkhand Elections 2024 BJP Manifesto: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को झारखंड चुनाव के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया. पार्टी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को ध्यान में रखते हुए 150 संकल्प जारी किए हैं. संकल्प पत्र में गोगो दीदी योजना के तहत महिलाओं को हर माह 2100 रुपये, 300 यूनिट फ्री बिजली, 500 रुपये में गैस सिलेंडर, युवा साथी योजना के तहत ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट बेरोजगार युवाओं को दो साल तक प्रतिमाह दो हजार रुपये का भत्ता देने का वादा किया गया है.

हमारी पार्टी जो कहती है, वह पूरा करके दिखाती है: अमित शाह

संकल्प पत्र जारी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हम दूसरी पार्टियों की तरह घोषणा नहीं करते, बल्कि संकल्प लेते हैं और उसे साकार करके दिखाते हैं. केंद्र और राज्यों में हमारी सरकारों का ट्रैक रिकॉर्ड है कि हमारी पार्टी जो कहती है, वह पूरा करके दिखाती है.

उन्होंने कहा कि हम झारखंड में माटी, बेटी और रोटी को बचाने के संकल्प के साथ चुनाव में आए हैं और हमें पूरा विश्वास है कि राज्य की जनता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की यात्रा में सहभागी बनेगी. हेमंत सोरेन आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हैं. केंद्र सरकार ने राज्य को साढ़े चार लाख करोड़ से ज्यादा की राशि दी, लेकिन हेमंत सोरेन की सरकार इस राशि का उपयोग करने के बजाय लूट-खसोट में व्यस्त रही. राज्य की जनता इस कुशासन से मुक्त होने का संकल्प ले चुकी है.

अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश में समान नागरिक संहिता लाएगी, लेकिन आदिवासी समुदाय को इससे बाहर रखा जाएगा. शाह ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि झारखंड की जनता दो तिहाई बहुमत के साथ राज्य में एनडीए की सरकार बनाएगी.

डेढ़ लाख सरकारी पदों पर नियुक्ति

सरकार बनने के बाद पहले साल में डेढ़ लाख सरकारी पदों पर नियुक्ति, पांच साल में 2 लाख 87 हजार 500 पदों पर नियुक्ति होगी. पांच वर्ष के अंदर पांच लाख युवाओं के लिए रोजगार का सृजन किया जाएगा. पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून लाया जाएगा. पेपर लीक की अब तक की घटनाओं की सीबीआई जांच; आदिवासियों की हड़पी गई जमीन वापस कराई जाएगी. महिलाओं के नाम पर पचास लाख रुपए तक की प्रापर्टी की रजिस्ट्री मात्र एक रुपए में और अग्निवीरों को सरकारी नौकरी की गारंटी. हर गरीब को पांच साल में पक्का मकान. 21 लाख आवास पीएम आवास दिए जाएंगे.

सभी परिवारों को पांच सौ रुपए में गैस सिलिंडर

सभी परिवारों को पांच सौ रुपए में गैस सिलिंडर. दीपावली और रक्षा बंधन पर दो बार मुफ्त सिलिंडर. सवा करोड़ घर सोलर ऊर्जा से जोड़े जाएंगे. किडनी के मरीजों की फ्री डायलिसिस. सभी आदिवासी परिवारों को आयुष्मान योजना से जोड़ा जाएगा. महिलाओं को गोगो दीदी योजना के तहत हर महीने की 11 तारीख को 2100 रुपए.

प्रतियोगी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर

प्रतियोगी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाएगा. पुनर्वास आयोग की स्थापना होगी. जमशेदपुर में भगवान बिरसा और दुमका में सिद्धो-कान्हू सहित अनेक महापुरुषों के स्मारक का होगा निर्माण. झारखंड में इंडी सरकार के दौरान हुए घोटालों की एसआईटी जांच. ग्राम पंचायतों के मुखियों का मासिक वेतन पांच हजार करेंगे.

गौ तस्करी पूर्णतः मुक्त होगी

झारखंड को गौ तस्करी से पूर्णतः मुक्त करेगी. धान की खरीद 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर होगी और 48 घंटे के अंदर भुगतान होगी. प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत राज्य में 25 हजार किमी सड़कों का निर्माण होगा. उच्च शिक्षा के लिए 10 लाख रुपए का ब्याजमुक्त ऋण. पेसा कानून का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा. पांच देवी मंदिरों को जोड़ने के लिए सर्किट बनाया जाएगा. इको टूरिज्म की राजधानी झारखंड को बनाएंगे.

झारखंड की सभी क्षेत्रीय भाषाओं की स्कूलों, कॉलेजों विश्वविद्यालयों में पढ़ाई होगी. इन भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया जाएगा. संकल्प पत्र जारी किए जाने के मौके पर कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र कुमार राय, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सहित कई नेता उपस्थित रहे.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital