Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

‘कांग्रेस को राष्ट्रीय सुरक्षा नहीं, वोट बैंक-तुष्टिकरण की फिक्र’, राज्यसभा में विपक्ष पर बरसे अमित शाह

राज्यसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन महादेव’ पर चर्चा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया. उन्होंने पी. चिदंबरम के बयान पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस की तुष्टिकरण नीति और वोट बैंक की राजनीति को राष्ट्रीय सुरक्षा से ऊपर रखने का आरोप लगाया.

अमित शाह

अमित शाह

Amit Shah on Operation Sindoor: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘पहलगाम हमले’ पर चर्चा के दौरान कांग्रेस पर हमला बोला. विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद का खात्मा नहीं, बल्कि वोट बैंक और तुष्टिकरण है.

अमित शाह ने राज्यसभा में कांग्रेस नेता और पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम के बयान पर सवाल उठाए. शाह ने कहा, “‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत तीनों आतंकी ढेर हो गए. दो दिन पहले पी. चिदंबरम ने मुझसे इस्तीफे की मांग करते हुए एक सवाल उठाया और कहा कि सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ किया, क्योंकि पहलगाम में शामिल आतंकी पाकिस्तानी थे. साथ ही उन्होंने पूछा कि वह पाकिस्तानी आतंकी थे और इसका आपके (सरकार) पास सबूत क्या है? मैं सदन के माध्यम से चिदंबरम से पूछना चाहता हूं कि आप किसको बचाना चाहते थे. पाकिस्तान को, लश्कर-ए-तैयबा को या आतंकवादियों को. आपको शर्म नहीं आती. जिस दिन उन्होंने (चिदंबरम) सवाल पूछा, उसी दिन आतंकियों का ‘हर हर महादेव’ हो गया. उसी दिन तीनों आतंकवादी ढेर हो गए. चिदंबरम ने कांग्रेस पार्टी की ये मानसिकता पूरी दुनिया के सामने उजागर कर दी.”

शाह बोले- यह युद्ध घोष है, कोई धार्मिक नारा नहीं

अमित शाह ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, “कांग्रेसी कह रहे हैं कि ‘ऑपरेशन ‘महादेव’ का नाम धार्मिक है. क्या वे भूल गए हैं कि ‘हर हर महादेव’ तो शिवाजी महाराज की सेना का युद्ध घोष था? ‘हर हर महादेव’ बोलकर ही छत्रपति शिवाजी महाराज ने मुगलों के खिलाफ स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी थी.”

कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “कल आप पूछ रहे थे कि पहलगाम के आतंकवादी आज ही क्यों मारे गए? उन्हें कल क्यों नहीं मारा जाना चाहिए था? क्योंकि राहुल गांधी को अपना भाषण देना था? ऐसा नहीं चलता.”

शाह ने कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की जनता देख रही है कि उनकी प्राथमिकता राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद का खात्मा नहीं, बल्कि वोट बैंक और तुष्टिकरण है. उन्होंने सदन में कहा, “मैं आज इस सदन में खड़े होकर वादा करता हूं कि जम्मू-कश्मीर आतंकवाद से मुक्त होगा. यह नरेंद्र मोदी सरकार का संकल्प है.”

ये भी पढ़ें: राज्यसभा में विपक्ष ने की पीएम मोदी को बुलाने की मांग, अमित शाह बोले- ‘मैं जवाब दे रहा हूं, तो उन्हें क्यों बुलाना’

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital