Bharat Express DD Free Dish

तमिलनाडु में अमित शाह ने फूंका बिगुल, DMK को बताया सबसे भ्रष्ट सरकार

Amit Shah In Tamil Nadu: गृह मंत्री अमित शाह ने DMK सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया. उन्होंने स्टालिन-उदयनिधि पर वंशवाद का आरोप लगाया और 2026 में NDA की जीत का दावा किया.

Amit Shah Slams DMK as Most Corrupt Govt in India NDA TN Assembly Election

Amit Shah In Tamil Nadu: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को तमिलनाडु के पुदुक्कोट्टई में ‘तमिलगम थलाई निमिरा तमिलनिन पायनम यात्रा’ के समापन समारोह को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि 2026 में तमिलनाडु में एनडीए सरकार बनेगी. आज इस विशाल जनसभा के माध्यम से, मैं तमिलनाडु के लोगों से अपील करता हूं कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के विकास के सफर में अपने राज्य का साथ दें.

उन्होंने कहा कि मैं आज आपको, सभी कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि अप्रैल 2026 में तमिलनाडु में एनडीए की सरकार बनने जा रही है. मैं आज इस विराट सभा के माध्यम से तमिलनाडु की जनता का भी आह्वान करना चाहता हूं कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा में हम तमिलनाडु को भी जोड़ दें.

तमिलनाडु की सरकार फेल

अमित शाह ने कहा कि आगामी चुनावों में भाजपा, एआईएडीएमके और अन्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर कांग्रेस और डीएमके का मुकाबला करेगी. डीएमके हर मोर्चे पर विफल रही है. अगर देश में कहीं भी सबसे भ्रष्ट सरकार है, तो दुर्भाग्य से वह तमिलनाडु की सरकार है. हर मोर्चे पर डीएमके सरकार विफल रही है.

उन्होंने कहा कि कहा कि अगर अपने घोषणापत्र के सबसे कम वादों को पूरा करने वाली कोई सरकार है तो वह तमिलनाडु में डीएमके सरकार है. तमिलनाडु सरकार का एकमात्र उद्देश्य स्टालिन के पुत्र उदयनिधि को मुख्यमंत्री बनाना है. तमिलनाडु में वंशवाद की इस राजनीति का अंत करने का समय आ गया है.

2026 में टूट जाएगा स्टालिन का सपना

पहले करुणानिधि, फिर स्टालिन और अब उदयनिधि. उन्होंने कहा कि स्टालिन, आपका यह सपना पूरा नहीं होने वाला. अप्रैल 2026 में तमिलनाडु में एनडीए सरकार बनने वाली है. एआईएडीएमके-भाजपा गठबंधन स्वाभाविक गठबंधन है. हमने 1998 में एक साथ चुनाव लड़ा था. हमने 2019 और 2021 के चुनाव भी एक साथ लड़े थे.

गृह मंत्री ने कहा कि स्टालिन ने यह गलत धारणा फैलाई कि एनडीए तमिल भाषा का विरोध करता है. आज मैं तमिलनाडु के लोगों को बताना चाहता हूं कि आईएएस और आईपीएस परीक्षाएं संस्कृत से पहले तमिल में आयोजित करने की पहल प्रधानमंत्री मोदी ने ही की थी.

तमिल अध्ययन को बढ़ावा

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में तमिल अध्ययन के लिए सुब्रमण्यम भारती चेयर की स्थापना की. प्रधानमंत्री मोदी ने ही महान ग्रंथ तिरुक्कुरल का 13 भाषाओं में अनुवाद करवाया था. डीएमके सरकार ने तमिलनाडु को कूड़े का ढेर बना दिया है. दूसरे राज्यों का कचरा तमिलनाडु की पवित्र नदियों में डाला जा रहा है. उन्होंने तमिलनाडु में हिंदू धर्म और आस्थाओं का लगातार अपमान करना शुरू कर दिया है.

ये भी पढ़ें: केरल में बढ़ रहा भाजपा का दायरा: गृह मंत्री अमित शाह 11 जनवरी को राजधानी तिरुवनंतपुरम जाएंगे, नगर निगम की जीत का जश्न मनेगा

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में इन्होंने (डीएमके) हिंदुओं के अपमान का सिलसिला चलाकर रखा है. अयोध्या में राम मंदिर भूमिपूजन के वक्त तमिलनाडु में अघोषित कर्फ्यू लगाने का काम किया गया. उनके वरिष्ठ नेता सनातन धर्म को डेंगू और मलेरिया बताते हैं. हिंदुओं के मूर्ति विसर्जन पर स्टे लगाने का काम डीएमके सरकार करती है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read