Hanuman Janmotsav 2026: हिंदू आस्था के सबसे बड़े पर्वों में से एक ‘श्री हनुमान जन्मोत्सव’ (हनुमान जयंती) आज 2 अप्रैल को देशभर में अपार श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. संकटमोचन हनुमान जी के जन्मोत्सव पर देश के शीर्ष नेताओं ने जनता को बधाई दी है. इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रभु श्री राम के परम भक्त महाबली हनुमान को नमन करते हुए देशवासियों के लिए सुख और शांति का आशीर्वाद मांगा है.
‘पराक्रम और सेवा के प्रतीक हैं बजरंगबली’- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर देशवासियों को इस पावन पर्व की बधाई दी. उन्होंने बजरंगबली के आदर्शों को याद करते हुए लिखा, “श्री हनुमान जन्मोत्सव की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. प्रभु राम के अनन्य भक्त, पराक्रम, समर्पण और सेवा के प्रतीक भगवान बजरंगबली से प्रार्थना है कि वे सभी देशवासियों के संकटों को दूर कर उन्हें सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें. जय श्री राम.” अमित शाह का यह संदेश राष्ट्र निर्माण में सेवा और समर्पण की भावना को रेखांकित करता है.
देशभर के मंदिरों में गूंज रहा ‘जय श्री राम’
चैत्र माह की पूर्णिमा को मनाए जाने वाले हनुमान जन्मोत्सव को लेकर आज देशभर के मंदिरों में अलसुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है. मंदिरों में हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और बजरंग बाण के पाठ हो रहे हैं. ऐसा माना जाता है कि भगवान शिव के 11वें रुद्रावतार हनुमान जी की आज के दिन पूजा करने से जीवन के सभी बड़े संकट कट जाते हैं और बल-बुद्धि की प्राप्ति होती है.
ये भी पढ़ें: हनुमान जन्मोत्सव: पीएम मोदी ने देशवासियों को दी बधाई, शेयर कर दिया ये खास संदेश
गृह मंत्री अमित शाह के अलावा अन्य दिग्गज नेताओं ने भी पवनपुत्र से देशवासियों के मंगल की कामना की है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रभु श्री राम के अनन्य भक्त, संकटमोचन श्री हनुमान जी के जन्मोत्सव की हार्दिक बधाई. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संस्कृत श्लोक के साथ शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हनुमान जी शक्ति, भक्ति, निष्ठा और समर्पण के अद्वितीय प्रतीक हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
