महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा और अचलपुर इलाके से शुरू हुआ ‘यौन शोषण और MMS कांड’ अब पूरे राज्य के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अयान अहमद के बाद अब दूसरे बड़े खिलाड़ी उजेर खान को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है.
जांच में खुलासा हुआ है कि उजेर खान ने ही मुख्य आरोपी अयान के मोबाइल से करीब 350 आपत्तिजनक वीडियो डाउनलोड किए थे और उन्हें सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर वायरल कर दिया. पुलिस के मुताबिक, यह मामला(Amravati MMS Kand) इतना संगीन है कि अब तक 8 पीड़ितों की पहचान हो चुकी है, जबकि आशंका जताई जा रही है कि पीड़ितों की संख्या 100 से पार हो सकती है.
अयान अहमद ने कैसे दिया वारदात को अंजाम?(Amravati MMS Kand)
इस पूरे कांड का मुख्य आरोपी 19 साल का अयान अहमद तनवीर है, जिसे पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था. अयान पर आरोप है कि वह सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाता था और फिर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाकर गुप्त रूप से वीडियो रिकॉर्ड कर लेता था. इन अश्लील वीडियो के जरिए वह लड़कियों को ब्लैकमेल करता और उनका लगातार यौन शोषण करता रहा.
मामले पर पुलिस को शक है कि अयान ने अकेले यह सब नहीं किया बल्कि कोई और भी वीडियो बनाने और लड़कियों को फंसाने में उसकी मदद कर रहा था. फिलहाल अयान 21 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में है और उसका मोबाइल साइबर सेल के पास है, जो डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने की कोशिश कर रही है.
मामले के दूसरे आरोपी ने उगले क्या राज?
पुलिस की दूसरी बड़ी कामयाबी उजेर खान इकबाल खान की गिरफ्तारी है. पुलिस जांच में यह बात साफ हुई है कि उजेर ने अयान के फोन से वीडियो चुराए और उन्हें इंटरनेट पर अपलोड कर दिया. अब पुलिस उजेर से यह पूछताछ कर रही है कि क्या इन वीडियो को किसी पॉर्न साइट पर भी बेचा गया था या इसके पीछे कोई बड़ा रैकेट काम कर रहा है. अमरावती ग्रामीण एसपी विशाल आनंद ने चेतावनी दी है कि जो लोग इन वीडियो को डाउनलोड करके दोबारा शेयर कर रहे हैं, पुलिस उन पर भी कड़ी नजर रख रही है और उनके खिलाफ भी FIR दर्ज की जाएगी.
डर के साये में पीड़ित परिवार
अमरावती कांड ने अब राजनीतिक मोड़ भी ले लिया है. बीजेपी के राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे और प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी ने मामले की एसआईटी (SIT) जांच की मांग की है. महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मामले का खुद संज्ञान लिया है और दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई होगी जो एक मिसाल बनेगी.
हालांकि, इस मामले(Amravati MMS Kand) में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि सामाजिक बदनामी के डर से पीड़ित परिवार सामने आकर औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करा रहे हैं. पुलिस ने अपील की है कि पीड़ितों की गोपनीयता का पूरा ख्याल रखा जाएगा और उन्हें कानूनी मदद के साथ-साथ मुफ्त काउंसलिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



