Amritsar NRI kidnapping case: पंजाब के अमृतसर से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने एनआरआई (NRI) समुदाय के बीच दहशत पैदा कर दी है. पिछले 40 सालों से अमेरिका में रह रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला अनीता कौर को अपनों ने ही विश्वासघात का शिकार बनाया.
एक जान-पहचान वाली महिला ने उन्हें बहाने से घर बुलाया, जहाँ पहले से तैयार किडनैपर्स ने उन्हें बंधक बना लिया. इसके बाद शुरू हुआ मारपीट, लूट और 1 करोड़ रुपये की फिरौती का वो खौफनाक खेल, जिसने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
कैसे दिया घटना को अंजाम?(Amritsar NRI kidnapping case)
पीड़िता अनीता कौर के मुताबिक, आरोपी महिला रुपिंदर कौर उनकी जान-पहचान वाली थी. रुपिंदर ने उन्हें फोन कर अपने घर बुलाया. जैसे ही अनीता वहां पहुँचीं, रुपिंदर और उसके साथियों ने उन पर हमला कर दिया. उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया और बेरहमी से पिटाई की गई. बुजुर्ग महिला गिड़गिड़ाती रही, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पघला. वे फोन पर किसी से अनीता की जान के बदले एक करोड़ रुपये वसूलने की प्लानिंग कर रहे थे.
पासपोर्ट, कार्ड और कैश लूटा; कत्ल की दी धमकी
आरोपियों ने केवल अपहरण ही नहीं किया बल्कि अनीता कौर का अमेरिकी पासपोर्ट, क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड और उनके पास मौजूद 25 हजार रुपये नकद भी लूट लिए. आरोपियों ने उन्हें डराया कि अगर उन्होंने चुपचाप पैसे नहीं दिए, तो उन्हें जान से मारकर लाश गायब कर दी जाएगी. दो घंटे तक अनीता कौर मौत के साये में रहीं लेकिन इसी बीच उन्हें मौका मिला और उन्होंने चालाकी से अपने भाई को फोन कर पूरी जानकारी दे दी.
पुलिस का ‘सुपरफास्ट’ रेस्क्यू(Amritsar kidnapping case)
सूचना मिलते ही दबुर्जी पुलिस चौकी के अधिकारी हरजिंदर सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ इलाके की घेराबंदी की. पुलिस की मुस्तैदी देख आरोपी घबरा गए. पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर अनीता कौर को सुरक्षित छुड़ा लिया. अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
भारत में NRI सुरक्षित नहीं?
रेस्क्यू के बाद अनीता कौर ने जो कहा कि वह व्यवस्था के मुंह पर तमाचा है. उन्होंने भरे मन से कहा कि मैं पिछले 40 साल से अमेरिका में हूँ, लेकिन यहाँ जो मेरे साथ हुआ उसने मुझे हिला दिया है. भारत में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है, यहाँ एनआरआई सुरक्षित महसूस नहीं कर सकते. इस घटना के बाद मैं दोबारा भारत आने की हिम्मत नहीं जुटा पाऊंगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





