Bharat Express DD Free Dish

बाहुबली अनंत सिंह के काफिले का एक्सीडेंट, ट्रक से टकराईं कई गाड़ियां, देखें VIDEO

Anant Singh Convoy Accident: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह शादी समारोह से पटना लौट रहे थे, तभी उनके काफिले की कई गाड़ियां ट्रक से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गईं.

Anant Singh Convoy Accident

Anant Singh Convoy Accident: पटना/रविशंकर शर्मा: बिहार के मोकामा से जेडीयू विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह (Anant Singh) गुरुवार (18 जून) शाम एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए. शादी समारोह से पटना लौटने के दौरान उनके काफिले की कई गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त हो गईं. हादसा बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र स्थित सबनिमा पेट्रोल पंप के पास हुआ. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ.

ट्रक से टकराया काफिला

जानकारी के अनुसार, अनंत सिंह मोकामा विधानसभा क्षेत्र के बादपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने काफिले के साथ पटना लौट रहे थे. इसी दौरान उनका काफिला फोरलेन सड़क से गुजर रहा था. बताया जा रहा है कि सबनिमा पेट्रोल पंप के समीप सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से काफिले की एक गाड़ी टकरा गई.

पहली गाड़ी के ट्रक से टकराने के बाद काफिले में चल रही अन्य गाड़ियां भी आपस में भिड़ गईं. देखते ही देखते काफिले की चार गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. दुर्घटना के समय मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि अनंत सिंह जिस वाहन में सवार थे, वह हादसे की चपेट में नहीं आया और वे पूरी तरह सुरक्षित रहे.

हादसे में कोई घायल नहीं

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर काफी जोरदार थी, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए. हालांकि किसी के घायल नहीं होने के कारण बड़ी अनहोनी टल गई. हादसे के बाद कुछ समय तक काफिला घटनास्थल पर रुका रहा. क्षतिग्रस्त वाहनों की स्थिति देखने और आवश्यक व्यवस्था करने के बाद अनंत सिंह अपने काफिले के साथ पटना के लिए रवाना हो गए.


ये भी पढ़ें: नीतीश-सम्राट सरकार का मिशन ‘एजुकेशन’: बिहार में रात 8 बजे तक क्लास चलाने का सुझाव, नए विश्वविद्यालयों के लिए कैबिनेट में जल्द आएगा प्रस्ताव


फिलहाल इस दुर्घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है. पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने भी मामले की जानकारी ली है. घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, क्योंकि हादसा अनंत सिंह के काफिले के साथ हुआ था. समय रहते वाहन नियंत्रित हो जाने और किसी के घायल नहीं होने से एक बड़ा हादसा टल गया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest