Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

आंध्र प्रदेश: तिरुपति मंदिर में प्रसाद के लड्डू जिस घी में बने, उसमें पशुओं की चर्बी होने का दावा

एक लैब रिपोर्ट ने पुष्टि की है कि वाईएसआरसीपी के सत्ता में रहने के दौरान प्रसिद्ध तिरुपति मंदिर में लड्डू बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले घी में पशु की चर्बी की मौजूदगी थी.

तिरुपति मंदिर (फाइल फोटो))

आंध्र प्रदेश की सत्तारूढ़ तेलुगू देशम पार्टी (TDP) ने तिरुपति मंदिर (Tirupati Temple) में प्रसाद के रूप में चढ़ाए जाने वाले लड्डू बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले घी में पशुओं की चर्बी (Animal Fat) की मौजूदगी को लेकर प्रतिद्वंद्वी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) पर हमला बोला है.

गुजरात में केंद्र द्वारा संचालित राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के पशुधन और खाद्य विश्लेषण और अध्ययन केंद्र (CALF) की प्रयोगशाला की एक रिपोर्ट ने पुष्टि की है कि YSRCP के सत्ता में रहने के दौरान प्रसिद्ध तिरुपति लड्डू बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले घी में पशु की चर्बी की मौजूदगी थी.

मुख्यमंत्री ने लगाया आरोप

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू (N. Chandrababu Naidu) ने पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार पर तिरुपति के श्री वेंकटेश्वर मंदिर में चढ़ाए जाने वाली पवित्र मिठाई ‘तिरुपति लड्डू’ की तैयारी में पशुओं की चर्बी सहित घटिया सामग्री का उपयोग करने का आरोप लगाया है.

नायडू ने एनडीए विधायक दल की बैठक के दौरान ये दावे किए. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘तिरुपति के लड्डू भी घटिया सामग्री से बनाए गए थे… उन्होंने घी की जगह जानवरों की चर्बी का इस्तेमाल किया था.’

YSRCP ने आरोपों को दुर्भावनापूर्ण बताया

जवाब में जगन मोहन रेड्डी की अगुवाई वाली वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने इन आरोपों का साफ तौर पर खंडन किया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और तिरुमाला तिरुपति देवस्थान (TTD) के पूर्व अध्यक्ष वाईवी सुब्बा रेड्डी ने नायडू के बयानों को ‘दुर्भावनापूर्ण’ बताया और टीडीपी नेता पर ‘राजनीतिक लाभ के लिए किसी भी स्तर तक गिरने’ का आरोप लगाया. रेड्डी ने कहा, ‘तिरुमाला प्रसादम के बारे में उनकी टिप्पणी बेहद दुर्भावनापूर्ण है. कोई भी व्यक्ति ऐसे शब्द नहीं बोलेगा या ऐसे आरोप नहीं लगाएगा.’

उच्चस्तरीय जांच का गठन करें

आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला ने मांग की है कि नायडू को उनकी टिप्पणियों के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. उन्होंने उनसे आग्रह किया कि अगर उनके आरोप सही हैं तो वे उच्चस्तरीय जांच का गठन करें, साथ ही उन्होंने मंदिर की पवित्रता की रक्षा करने की आवश्यकता पर जोर दिया.

उन्होंने कहा, ‘TDP और YSRCP घिनौनी राजनीति कर रहे हैं. तिरुपति को अपवित्र कर रहे हैं और हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं. ये टिप्पणियां भगवान वेंकटेश्वर पर दाग लगाती हैं, जिनकी पूजा लाखों हिंदू करते हैं.’

उन्होंने आगे कहा, ‘हम चंद्रबाबू नायडु से कार्रवाई करने की मांग करते हैं. अगर उनके आरोप राजनीति से प्रेरित नहीं हैं और वह भावनाओं पर राजनीति करने का इरादा नहीं रखते हैं और अगर वास्तव में घी में जानवरों की चर्बी का इस्तेमाल किया गया है, तो तुरंत एक उच्चस्तरीय समिति गठित करें या सीबीआई से जांच करवाएं.’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital