Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

झारखंड में भाजपा ने 5,628 केंद्रों पर एक साथ शुरू किया सदस्यता अभियान

भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड में रविवार से ‘संगठन महापर्व’ के तहत सदस्यता अभियान शुरू किया, जिसमें 5,628 केंद्रों पर बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली. प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और अन्य पार्टी पदाधिकारी भी विभिन्न केंद्रों पर मौजूद रहे और अभियान में भाग लिया.

BJP Membership Drive In Jharkhand
Vikash Jha Edited by Vikash Jha

भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड में रविवार से सदस्यता अभियान शुरू किया है. पार्टी ने इसे ‘संगठन महापर्व’ का नाम दिया है. इसके तहत पूरे राज्य में बनाए गए 5,628 केंद्रों पर प्रदेश, जिला और मंडल इकाइयों के पदधारकों की मौजूदगी में एक साथ बड़ी संख्या में लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई. प्रत्येक केंद्र पर सैकड़ों लोगों ने ऑनलाइन सदस्यता प्राप्त की.

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र धनवार के खोरो गांव में संगठन महापर्व के तहत बनाए गए केंद्र पर उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि लोग बड़े उत्साह के साथ इस अभियान में भागीदार बन रहे हैं.

सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक राकेश प्रसाद ने बताया कि पूरे राज्य में संगठन महापर्व के लिए बनाए गए हर केंद्र पर पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. उन्होंने कहा कि भाजपा को इस साल हुए लोकसभा चुनाव में 84 लाख से ज्यादा, जबकि विधानसभा चुनाव में 59 लाख से ज्यादा मत प्राप्त हुए हैं. इससे पता चलता है कि पार्टी के प्रति लोगों में प्रबल विश्वास है. लोग हमारी नीतियों का समर्थन करते हैं. इस अभियान के दौरान भाजपा के कार्यकर्ता गांव-गांव, घर-घर जाकर लाखों की संख्या में लोगों को पार्टी के साथ जोड़ेंगे.

पहले दिन पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रवींद्र कुमार राय गिरिडीह जिला के पचंबा, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह रांची के हरमू, राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा खिजरी विधानसभा क्षेत्र के टाटीसिलवे मंडल अंतर्गत महिलौंग और सांसद आदित्य प्रसाद साहू ओरमांझी मंडल के कुच्चू गांव में बनाए गए केंद्र पर उपस्थित रहे. इसी तरह अन्य सभी सांसद, विधायक और पदाधिकारियों ने अलग-अलग केंद्रों पर अभियान में सहभागिता निभाई.

ये भी पढ़ें- भारत का हरित क्षेत्र 1,445 वर्ग किलोमीटर बढ़ा, इन राज्यों में वन और वृक्ष सबसे ज्यादा बढ़े

केंद्रीय महिला बाल विकास मंत्री और कोडरमा की भाजपा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने भी रविवार को पार्टी के टोल फ्री नंबर पर कॉल कर सदस्यता का नवीनीकरण किया. उन्होंने पार्टी के समर्थकों और शुभेच्छुओं से सदस्यता अभियान में भाग लेने की अपील की. पार्टी ने सदस्यता अभियान के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया है. नमो एप के जरिए भी लोग सदस्यता ले सकते हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital