Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल 11 दिन की NIA रिमांड पर, टारगेट किलिंग और आतंकी साजिश के आरोप, जानें कोर्ट में क्या-क्या हुआ?

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार हुआ. कोर्ट ने उसे 11 दिन की NIA रिमांड पर भेजा है.

Anmol Bishnoi Arrest: बिश्नोई गैंग से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई अब एनआईए की गिरफ्त में है. बुधवार को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर उतरते ही उसे एजेंसी ने गिरफ्तार कर लिया. कोर्ट में पेशी के बाद उसे 11 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है. NIA का आरोप है कि अनमोल सिर्फ गैंगस्टर नहीं बल्कि एक बड़े क्रिमिनल-टेरर सिंडिकेट का हिस्सा है, जो देश और विदेश से मिलकर आतंकी गतिविधियों के लिए पैसे जुटाता था, युवाओं की भर्ती करता था और बड़े लोगों की टारगेट किलिंग की साजिश रचता था.

NIA का दावा

एजेंसी ने कोर्ट में कहा कि अनमोल का नेटवर्क बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) जैसे आतंकी संगठनों से जुड़ा हुआ है. इसका मकसद देश में अस्थिरता और डर फैलाना है. NIA ने बताया कि अनमोल 2022 से फरार था और जनवरी 2025 में कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था. उसके खिलाफ 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह विदेश में बैठकर रंगदारी वसूलता था, हथियारों की सप्लाई करता था और गैंग को फंडिंग देता था. सोशल मीडिया पर वारदातों की जिम्मेदारी लेने और प्रचार करने में भी उसकी अहम भूमिका थी.

गिरफ्तारी की पूरी प्रक्रिया

बुधवार दोपहर करीब 2.30 बजे जैसे ही अनमोल आईजीआई एयरपोर्ट पर उतरा एनआईए ने उसे गिरफ्तार कर लिया. कोर्ट में एजेंसी ने बताया कि गिरफ्तारी के समय पुराना वारंट पढ़कर सुनाया गया, गिरफ्तारी मेमो की कॉपी दी गई और उसकी रिसीविंग ली गई. मेडिकल जांच भी कराई गई. कोर्ट ने आरोपी से भाषा और गिरफ्तारी मेमो के बारे में पूछताछ कर पुष्टि की कि पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन हुआ है.

वकीलों का पक्ष

अनमोल के वकीलों ने कोर्ट में कहा कि NIA के पास पहले से सारे सबूत मौजूद हैं, इसलिए रिमांड की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि अनमोल जांच में पूरा सहयोग करेगा और समाज से जुड़ा हुआ है. भागने की कोई संभावना नहीं है. वकीलों ने मांग की कि अगर रिमांड दी जाए तो सुप्रीम कोर्ट के डीके बसु वाले गिरफ्तारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए.

ये भी पढ़ें-बिहार में आज नीतीश कुमार का शपथ ग्रहण, 10वीं बार बनेंगे सीएम, गांधी मैदान में होगा भव्य समारोह, जानें संभावित मंत्रियों के नाम

कोर्ट का फैसला

कोर्ट ने माना कि आरोप बेहद गंभीर हैं और केस का दायरा बड़ा है. आरोपी पहले फरार था और जांच अभी बाकी है. इसलिए अदालत ने NIA की दलीलों को मानते हुए अनमोल को 11 दिन की रिमांड पर भेज दिया.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital