AR Rahman Controversy: भारत के मशहूर संगीतकार एआर रहमान अपनी अनोखी धुनों और रचनात्मक सोच के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं लेकिन हाल ही में जब उन्होंने बॉलीवुड में सांप्रदायिक भेदभाव को लेकर अपनी राय रखी, तो इस पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया. आलोचनाओं के बीच रहमान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर अपनी बात स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि उनके लिए संगीत हमेशा से लोगों को जोड़ने और संस्कृति का सम्मान करने का जरिया रहा है. रहमान ने बताया कि भारत उनके लिए सिर्फ घर नहीं बल्कि प्रेरणा और गुरु है. उनका कहना था कि उनका मकसद कभी किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं रहा, लोग उनके सच्चे इरादों को समझें.
भारतीय होने पर गर्व- रहमान
वीडियो में रहमान ने कहा कि उन्हें भारतीय होने पर गर्व है. भारत ने उन्हें वह मंच दिया जहां वे अपनी रचनात्मकता को पूरी स्वतंत्रता से व्यक्त कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि यह देश उन्हें विभिन्न संस्कृतियों की आवाजों को सम्मान देने और संगीत के माध्यम से जोड़ने का अवसर देता है. रहमान ने बताया कि भारत ने हमेशा उन्हें प्रेरित किया है और उनके काम को सार्थक बनाया है.
अहम परियोजनाओं का जिक्र
रहमान ने अपने करियर की कई अहम परियोजनाओं का जिक्र भी किया. उन्होंने बताया कि उन्होंने ‘जला प्रोजेक्ट’ में काम किया, नागा संगीतकारों के साथ मिलकर स्ट्रिंग ऑर्केस्ट्रा बनाया, ‘सनशाइन ऑर्केस्ट्रा’ को मेंटर किया और ‘सीक्रेट माउंटेन’ नामक भारत का पहला मल्टीकल्चरल वर्चुअल बैंड शुरू किया. इसके अलावा उन्होंने रामायण के संगीत में हांस जिमर के साथ सहयोग किया. रहमान ने कहा कि इन अनुभवों ने उनके संगीत के मकसद को और मजबूत किया.
भारत के प्रति आभार
वीडियो के अंत में रहमान ने भारत के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि उनका संगीत हमेशा अतीत का सम्मान करेगा, वर्तमान का जश्न मनाएगा और भविष्य को प्रेरित करेगा. रहमान ने कहा कि संगीत कभी किसी को चोट पहुंचाने का माध्यम नहीं रहा बल्कि यह लोगों को जोड़ने और सांस्कृतिक धरोहर का सम्मान करने का जरिया है.
बॉलीवुड में काम कम मिलने की शिकायत
एक चैनल को दिए इंटरव्यू में रहमान ने कहा कि उन्हें अब बॉलीवुड में पहले की तुलना में कम काम मिल रहा है. उन्होंने बताया कि कभी-कभी रचनात्मक फैसले उन लोगों के हाथ में होते हैं जिनमें असल में क्रिएटिविटी नहीं होती. रहमान ने कहा कि यह कभी-कभी साम्प्रदायिक कारणों से भी हो सकता है लेकिन यह सीधे तौर पर सामने नहीं आता. उन्होंने कहा कि कई बार अफवाहें सुनने को मिलती हैं कि उन्हें किसी प्रोजेक्ट के लिए चुना गया था लेकिन बाद में कंपनी ने अन्य कंपोजर्स को हायर कर लिया.
रहमान के बयान पर जावेद अख्तर ने क्या कहा?
गीतकार जावेद अख्तर ने कहा,
“उन्हें इसमें कोई सांप्रदायिक मुद्दा नजर नहीं आता. उन्होंने कहा कि यह मामला उतना बड़ा नहीं है जितना दिखाया जा रहा है.”
शान का क्या कहना है?
गायक शान ने रहमान के बयान पर कहा,
“हर किसी की अपनी राय होती है और लोग हमेशा बंटे रहेंगे. उन्होंने कहा कि हमें इसे जरूरत से ज्यादा महत्व नहीं देना चाहिए, क्योंकि हर गाने के पीछे एक सोच होती है. शान ने कहा कि कुछ लोग इसे सही मानेंगे तो कुछ गलत लेकिन इसमें उलझने से कोई फायदा नहीं है.”
अनूप जलोटा का समर्थन
गायक अनूप जलोटा ने रहमान की तारीफ करते हुए कहा,
“उन्होंने पांच सालों में वह काम कर दिखाया जो लोग 25 साल में करते हैं. उन्होंने कहा कि रहमान ने बहुत मेहनत की है और कई बेहतरीन प्रोजेक्ट पूरे किए हैं. जलोटा ने कहा कि फैंस के दिलों में रहमान के लिए सम्मान हमेशा बना रहेगा.”
शंकर महादेवन की राय
संगीतकार शंकर महादेवन ने कहा,
“वह रहमान की बात समझते हैं. उन्होंने कहा कि गीत बनाने वाला और उसे रिलीज करने का फैसला करने वाला अक्सर अलग व्यक्ति होता है. कई बार निर्णय लेने वाले लोग संगीत से जुड़े नहीं होते और यही वजह है कि कलाकार की सोच सामने नहीं आ पाती.”
कंगना रनौत का पलटवार
अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने रहमान के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इंस्टाग्राम पर रहमान के इंटरव्यू का वीडियो साझा कर लंबा पोस्ट लिखा. कंगना ने कहा,
“उन्हें भी इंडस्ट्री में भेदभाव और पक्षपात का सामना करना पड़ा है क्योंकि वह खुलकर एक भगवा पार्टी का समर्थन करती हैं. उन्होंने रहमान के रवैये को ‘नफरत से भरा’ बताया. कंगना ने दावा किया कि जब वह अपनी फिल्म ‘इमरजेंसी’ का संगीत देने के लिए रहमान के पास गई थीं तो उन्होंने न केवल मना किया बल्कि मिलने से भी इनकार कर दिया.”
अखिलेश यादव का समर्थन
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रहमान के पक्ष में बयान दिया. उन्होंने कहा,
“वह रहमान के बड़े प्रशंसक हैं और उनके गाने रिलीज से पहले ही चार्ट में टॉप पर पहुंच जाते थे. अखिलेश ने कहा कि रहमान देश और दुनिया के बड़े कलाकार हैं और कला, संगीत व संस्कृति को धर्म या भेदभाव के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए.”
इमरान मसूद ने जाहिर की चिंता
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा,
“अगर ऑस्कर विजेता कलाकार यह कह रहा है कि उसे काम नहीं मिल रहा तो यह गंभीर मामला है. उन्होंने कहा कि अगर किसी को धर्म के कारण काम से वंचित होना पड़ रहा है तो यह पूरे देश के लिए चिंता का विषय है.”
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

