Urdu Conclave 2026

पिता दिल्ली में, मां की दिमागी हालत खराब… अररिया में इकलौती बेटी ने क्यों चुन ली मौत की राह?

अररिया के जयप्रकाश नगर में 18 मार्च को एक दर्दनाक घटना हुई. युवती मोना कुमारी ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी.

अररिया के जयप्रकाश नगर वार्ड नंबर 07 में बुधवार (18 मार्च) को एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां की रहने वाली मोना कुमारी ने अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. मोना, पिता सूर्य नारायण मंडल की बेटी थीं. वह बीए पास थीं और बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के साथ-साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही थीं.

स्थानीय लोगों और सहपाठियों का कहना है कि मोना बहुत ही समझदार, मेहनती और जिम्मेदार लड़की थीं. वह ट्यूशन पढ़ाकर अपना खर्च और पढ़ाई का खर्च निकालती थीं. उनके दोस्तों के अनुसार, मोना हमेशा अपने भविष्य के लिए मेहनत करती रहती थीं और कभी भी लोगों को असहाय महसूस नहीं होने देती थीं.

मौत से पहले क्या हुआ?

जानकारी के मुताबिक, आत्महत्या से पहले मोहल्ले का एक युवक 2-3 बार मोना के कमरे में मिला. इसके बाद मोना ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर मकान मालिक की पत्नी को शक हुआ. उन्होंने अपने पति को फोन किया. जब मकान मालिक बाजार से लौटे और खिड़की से झांककर देखा, तो मोना फंदे पर लटक रही थीं. मकान मालिक ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी.

पुलिस और FSL की टीम ने की जांच

सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी मनीष कुमार रजक दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. मामला संवेदनशील देखते हुए FSL की टीम को भी बुलाया गया है. दरवाजा अंदर से लॉक था, इसलिए ईंट की खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया गया. एसडीपीओ सुशील कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा किया और मकान मालिक से लंबी पूछताछ की. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.

मोना की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी काफी संघर्षपूर्ण रही है. बताया जा रहा है कि उसके पिता सूर्यनारायण मंडल ने दूसरी शादी कर ली थी और वे दिल्ली-लुधियाना में काम करते हैं. वहीं, उसकी मां की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती. अपने भाई-बहनों में इकलौती होने के नाते, शायद मोना के कंधों पर उम्मीदों का बोझ बहुत ज्यादा था.

पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: बिना इंजीनियर के बन रहा था ओवरब्रिज! स्लैब गिरने से मचा हड़कंप, सपा के पूर्व विधायक बोले- ‘यह सीधा भ्रष्टाचार है’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read