Bharat Express DD Free Dish

बिना इंजीनियर के बन रहा था ओवरब्रिज! स्लैब गिरने से मचा हड़कंप, सपा के पूर्व विधायक बोले- ‘यह सीधा भ्रष्टाचार है’

चंदौली के बनौली खुर्द गांव में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब अचानक गिर गया, जिससे तीन मजदूर घायल हो गए. ग्रामीणों ने घटिया निर्माण सामग्री और लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि ठेकेदार मौके से फरार हैं.

रिपोर्टर- अवनीश


चंदौली के बनौली खुर्द गांव के पास एक निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के स्लैब के अचानक गिरने से हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक, ढलाई के दौरान स्लैब भरभराकर गिर गया, जिससे तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हादसे की वजह घटिया निर्माण सामग्री और लापरवाही हो सकती है. कुछ ग्रामीणों ने तो यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य बिना किसी योग्य इंजीनियर की देखरेख के चल रहा था. घटना के बाद ठेकेदार और निर्माण से जुड़े जिम्मेदार मौके से फरार हो गए.

पूर्व विधायक ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

इस हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि ऐसी लापरवाही और घटिया निर्माण सीधे भ्रष्टाचार की गवाही देती है. उन्होंने कहा कि यह केवल मजदूरों की सुरक्षा का मामला नहीं बल्कि आम जनता की जान को भी खतरे में डालने जैसा है.

एक घायल ट्रामा सेंटर रेफर- एएसपी

सदर थाना क्षेत्र के एएसपी ने मामले पर कहा कि अभी तक एक घायल की सूचना है, जिसे ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है. बाकी घायल मजदूरों की स्थिति पर अस्पताल की तरफ से अपडेट का इंतजार है. स्थानीय लोग काफी गुस्से में हैं. उनका कहना है कि अगर समय रहते सही सामग्री और इंजीनियर की निगरानी होती, तो यह हादसा टाला जा सकता था.

ग्रामीणों का कहना है कि ओवरब्रिज जैसी बड़ी परियोजना में इस तरह की लापरवाही बेहद खतरनाक है.

ये भी पढ़ें: Acharya Pramod Krishnam: कल्कि धाम पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम हादसे में घायल, सिर पर गंभीर चोट, यशोदा मेडिसिटी में सफल सर्जरी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read