Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

पहले दोस्ती की…शादी का झांसा, फिर 1 लाख में बेच डाला! पश्चिम बंगाल से बरामद हुई लड़की, मानव तस्करी गैंग के 7 आरोपी गिरफ्तार

Human Trafficking Azamgarh: आजमगढ़ पुलिस और AHTU ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर में छापेमारी कर मानव तस्करी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने करीब 19 साल की लड़की को भी बरामद किया. आरोप है कि उसे नौकरी और शादी का झांसा देकर एक लाख रुपये में बेच दिया गया था.

azamgarh-human-trafficking-gang-busted-west-bengal

आजमगढ़ में अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश

Human Trafficking Azamgarh: एक लड़की को पहले फोन पर प्यार के जाल में फंसाया, फिर शादी का सपना दिखाकर उसे स्टेशन बुलाया गया. वहां कुछ लोग मिले और नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उसे अपने साथ ले गए. लड़की को लगा कि शायद उसकी जिंदगी बदलने वाली है, लेकिन उसे क्या पता था कि वह एक ऐसे जाल में फंस चुकी है, जहां इंसान की कीमत लगाई जाती है. आरोप है कि बिहार के रास्ते उसे पश्चिम बंगाल ले जाया गया और करीब एक लाख रुपये में बेच दिया गया. इसके बाद उसे एक वेश्यालय में बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराया जाने लगा. विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी.

दरअसल यूपी के आजमगढ़ जिले की अहरौला थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले में छापेमारी कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और करीब 19 वर्षीय पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया.

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के सदस्य नौकरी दिलाने का झांसा देकर लड़कियों को अपने जाल में फंसाते थे. इसके बाद अलग-अलग एजेंटों के माध्यम से उनकी खरीद-फरोख्त कर शारीरिक शोषण और जबरन देह व्यापार कराया जाता था. इस मामले में अब तक कुल 7 अभियुक्त गिरफ्तार किए जा चुके हैं.

आरोपियों तक ऐसे पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 को अहरौला थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी करीब 18 वर्षीय पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी. इस संबंध में थाना अहरौला में मुकदमा संख्या 70/2026 धारा 87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. विवेचना के दौरान मामले में मानव तस्करी और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गईं.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में महिला एवं बाल अपराध तथा मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अहरौला पुलिस और एएचटीयू की संयुक्त टीम ने जांच और सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई की. 18 नवंबर 2026 को पुलिस टीम पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले के थाना गोवालपोखर क्षेत्र के पारा पंजीपाड़ा पहुंची. यहां से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पीड़िता को सकुशल बरामद किया गया.

गिरफ्तार अभियुक्तों में सुरेश राम निवासी थाना मोतीपुर, जनपद मुजफ्फरपुर बिहार, महेश कुमार निवासी थाना तुरकौलिया, जनपद पूर्वी चंपारण बिहार और मुहम्मद अली निवासी पारा पंजीपाड़ा, जनपद उत्तरी दिनाजपुर पश्चिम बंगाल शामिल हैं.

प्रेमजाल में फंसाकर शुरू हुआ मानव तस्करी का खेल

पुलिस पूछताछ और पीड़िता के बयान के अनुसार, इस पूरे मामले की शुरुआत पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी शिवा मंडल से हुई. आरोप है कि शिवा मंडल ने करीब दो महीने तक पीड़िता से फोन पर बातचीत कर उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर गोरखपुर रेलवे स्टेशन बुलाया. हालांकि, वह खुद स्टेशन पर नहीं पहुंचा.

Human Trafficking Azamgarh

इसके बाद गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर पीड़िता की मुलाकात सितारा खातून, उसके पति अभिषेक राज और गफ्फार मियां से हुई. इन लोगों ने उसे काम दिलाने का झांसा दिया और गोरखपुर से बिहार के पूर्णिया ले गए. वहां पीड़िता की मुलाकात महेश कुमार और सुरेश राम से हुई. दोनों उसे नौकरी दिलाने के बहाने सरिता नाम की महिला एजेंट के पास ले गए.

पुलिस के मुताबिक, सरिता ने पीड़िता को पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर निवासी मुहम्मद अली के हाथों करीब एक लाख रुपये में बेच दिया. इसके बदले मुहम्मद अली ने सरिता को एक लाख रुपये दिए. वहीं, पीड़िता को सरिता तक पहुंचाने वाले दलालों को आठ-आठ हजार रुपये कमीशन दिया गया.

वेश्यालय में बंधक बनाकर जबरन कराया देह व्यापार

पीड़िता के कथन के अनुसार, सरिता के घर पर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया. इसके बाद मुहम्मद अली उसे अपने वेश्यालय में ले गया, जहां उसे बंधक बनाकर जबरन देह व्यापार कराया जाने लगा. विरोध करने पर लड़कियों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी.

पुलिस के मुताबिक, गिरोह रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और मंदिरों के आसपास घूमकर घर से भागी हुई या परेशान लड़कियों को नौकरी और कंपनी में काम दिलाने का झांसा देकर निशाना बनाता था. इसके बाद एजेंटों के नेटवर्क के जरिए उनकी खरीद-फरोख्त की जाती थी.

Human Trafficking Azamgarh

पहले चार, अब तीन और गिरफ्तार

इस प्रकरण में पुलिस पूर्व में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. इनमें शिवा मंडल निवासी मुर्शिदाबाद पश्चिम बंगाल, अभिषेक राज निवासी पूर्वी चंपारण बिहार, उसकी पत्नी सितारा खातून और गफ्फार मियां निवासी पूर्वी चंपारण बिहार शामिल हैं. अब सुरेश राम, महेश कुमार और मुहम्मद अली की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में कुल सात अभियुक्त गिरफ्तार हो चुके हैं.

पुलिस टीम को मिला 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार

इस अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करने और पीड़िता को सकुशल बरामद करने वाली पुलिस टीम की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सराहना की. उन्होंने संयुक्त टीम के प्रत्येक सदस्य को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया.

इस कार्रवाई में अहरौला थाना के उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी, एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक अमित शर्मा, आरक्षी सुधीर प्रजापति, महिला आरक्षी रीमा कुमारी और सर्विलांस सेल के आरक्षी बसंत यादव शामिल रहे.

ये भी पढ़ें- सपनों में दिखते थे हीरे, खदान लगाते ही मिला बेशकीमती हीरा

पुलिस के अनुसार, मामले में मु0अ0सं0 70/2026 के तहत धारा 87, 143, 144 और 111 बीएनएस तथा धारा 5 अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा मानव तस्करी जैसे संगठित अपराधों में शामिल गिरोहों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism