Urdu Conclave 2026

‘धर्मांतरण नहीं स्वीकारा’, शहीदी दिवस पर बाबा बंदा सिंह बहादुर को देशभर में नमन, अमित शाह ने बताया साहस का प्रतीक

Baba Banda Singh Bahadur Shaheedi Diwas: खालसा सेना के प्रथम सेनापति और महान सिख योद्धा बाबा बंदा सिंह बहादुर के शहीदी दिवस पर अमित शाह समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी.

Baba Banda Singh Bahadur Shaheedi Diwas: खालसा सेना के प्रथम सेनापति और सिख इतिहास के महान योद्धा बाबा बंदा सिंह बहादुर के शहीदी दिवस पर देश के कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. नेताओं ने उनके साहस, बलिदान और समाज के कमजोर वर्गों के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया.

अमित शाह ने बताया साहस और स्वाभिमान का प्रतीक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (amit shah) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बाबा बंदा सिंह बहादुर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने मातृभूमि, धर्म और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया. शाह ने लिखा, ” मातृभूमि, धर्म और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित बाबा बंदा सिंह बहादुर ने अपने अदम्य साहस और कुशल नेतृत्व से मुगल सेना को अनेक बार पराजित किया व विशाल भू-भाग को मुगल अत्याचारों से मुक्त कराया. उन्होंने किसानों को उनके अधिकार दिलाने के लिए न्यायपूर्ण व्यवस्था स्थापित की और असहनीय यातनाएं सहने के बावजूद धर्मांतरण स्वीकार नहीं किया.”

अमित शाह ने पोस्ट में आगे लिखा, “महान योद्धा, खालसा सेना के प्रथम सेनापति व अद्वितीय पराक्रम के प्रतीक बाबा बंदा सिंह बहादुर जी के शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन.”

नितिन गडकरी ने किसानों के लिए किए संघर्ष को किया याद

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बाबा बंदा सिंह बहादुर ने किसानों के हितों और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया. उन्होंने अपने शौर्य और नेतृत्व से लोगों में आत्मविश्वास जगाया और उन्हें भयमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा दी. गडकरी ने कहा कि धर्म और संस्कृति की रक्षा में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा.

हरदीप सिंह पुरी ने शहादत को बताया प्रेरणा

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बाबा बंदा सिंह बहादुर को मजलूमों का रक्षक और सिख समुदाय का महान सेनानायक बताया. उन्होंने कहा कि उनकी शहादत अन्याय और अत्याचार के खिलाफ डटकर खड़े रहने की सीख देती है. उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा.


ये भी पढ़ें: आधी रात को थर्राई दिल्ली! गुरु रंधावा के जिम पर तांडव करने वाले बिश्नोई गैंग के शूटर्स का एनकाउंटर


मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी बाबा बंदा सिंह बहादुर को नमन करते हुए कहा कि उनका अदम्य साहस, अन्याय के खिलाफ संघर्ष और मानवता की रक्षा के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा. उन्होंने उन्हें वीरता और त्याग का अमर प्रतीक बताया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read