Balaghat Accident: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. परसवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम खर्रा के पास एक मारुति ओमनी अचानक पलट गई और देखते ही देखते आग का गोला बन गई. इस हादसे में वाहन चालक अंदर ही फंस गया और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई. घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई बताई जा रही है.
लोगों ने क्या बताया?
बालाघाट-मण्डला रोड पर जब राहगीरों ने जलती हुई ओमनी और उसमें फंसे चालक को देखा तो तुरंत पुलिस को खबर दी. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और चालक की मौके पर ही मौत हो गई.
तेज रफ्तार बनी वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि वाहन काफी तेज गति से चल रहा था. सड़क पर दूर तक घसीटने के निशान और पेड़ से टकराने के सबूत मिले हैं. अनुमान लगाया जा रहा है कि चालक को नींद का झोंका आया होगा, जिससे वाहन नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया.
एम्बुलेंस चालक था मृतक
जानकारी के अनुसार, यह मारुति ओमनी एक एम्बुलेंस थी जो नागपुर से मरीज को छोड़कर लौट रही थी. मृतक चालक की पहचान माइकल अंतुने मोरिस (56) निवासी कौशल्या नगर, नागपुर के रूप में हुई है. पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है.
मरीज को छोड़कर लौट रहा था
ग्राम सन्तरिटोला निवासी कमलेश कुशरे ने बताया कि उनके साथी का नागपुर में एक्सीडेंट हुआ था. सोमवार रात करीब 2 बजे वे इसी एम्बुलेंस से गांव पहुंचे थे. मरीज को छोड़ने के बाद चालक वहीं सो गया था. लेकिन कब वह वहां से निकला, किसी को पता नहीं चला. सुबह हादसे की खबर मिली.
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. घटनास्थल से मिले फोन नंबर से मृतक की पहचान की गई. पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और मामले की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें-शराब के नशे में बेटे ने लगाई घर में आग, नगद-गहने समेत लाखों की संपत्ति राख, बेटा घर से फरार
इलाके में सनसनी
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है. लोग इस घटना को लेकर गमगीन हैं और तेज रफ्तार को हादसे की बड़ी वजह मान रहे हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
