CM Vishnu Deo Sai Meeting Amit Shah
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (Vishnu Deo Sai) मंगलवार (7 अप्रैल) को दिल्ली में अहम बैठकों में हिस्सा लेने वाले हैं. इस दौरान वे पीएम नरेंद्र मोदी (PM Modi) और गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) से मुलाकात करेंगे. इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य बस्तर क्षेत्र के विकास को नई गति देना है.
सीएम साय सोमवार (6 अप्रैल) रात करीब 11:30 बजे दिल्ली पहुंचेंगे. अगले दिन यानी 7 अप्रैल को सुबह 11 बजे उनकी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात तय है. इसके बाद वे गृह मंत्री अमित शाह से भी मिलेंगे. माना जा रहा है कि ये बैठकें बस्तर के भविष्य के लिए काफी अहम साबित होंगी.
बस्तर में विकास पर ध्यान
बस्तर लंबे समय तक माओवाद से प्रभावित रहा है, लेकिन अब हालात तेजी से बदल रहे हैं. राज्य सरकार ने 31 मार्च 2026 तक वामपंथी उग्रवाद को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य रखा है. इसी के चलते अब ध्यान सुरक्षा से हटाकर विकास पर दिया जा रहा है.
सूत्रों के अनुसार, सीएम साय इन बैठकों में बस्तर के लिए एक विस्तृत विकास योजना पेश करेंगे. इसमें सड़क, रेलवे और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने, उद्योगों को बढ़ावा देने और नए निवेश लाने पर जोर रहेगा. साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने और आदिवासी समुदाय के समग्र विकास पर भी खास ध्यान दिया जाएगा.
सुरक्षा कैंप स्कूल और अस्पताल में बदलेंगे
सरकार का लक्ष्य बस्तर को विकास का नया केंद्र बनाना है, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ आदिवासी संस्कृति को भी सुरक्षित रखा जाए. इसके अलावा प्राकृतिक संसाधनों का सही उपयोग भी इस योजना का अहम हिस्सा है.
हाल के समय में सरकार ने कई नई पहलें भी शुरू की हैं. इनमें अबूझमाड़ और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी बनाना, पर्यटन को बढ़ावा देना और छोटे उद्योगों को विकसित करना शामिल है. पुराने सुरक्षा कैंपों को स्कूल और अस्पताल में बदलने का काम भी किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: ‘कांग्रेस की डिक्शनरी में विकास नहीं…’ असम में गरजे पीएम मोदी, परिवारवाद को बताया विकास का दुश्मन
दिल्ली में होने वाली ये बैठकें बस्तर के विकास के लिए केंद्र सरकार से सहयोग और फंडिंग हासिल करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही हैं. इससे क्षेत्र को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

