Bharat Express DD Free Dish

‘चोरी पकड़ी गई तो चला दी गोली!’… बेगूसराय में दुकानदार पर सरेआम कट्टा तानने का खौफनाक VIDEO वायरल

बिहार के Begusarai में चोरी का विरोध करने पर दुकानदार पर आरोपी ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दी. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है…

रिपोर्ट- रवि शंकर शर्मा


बिहार के बेगूसराय में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें कानून का रत्ती भर भी खौफ नहीं रहा. दरअसल एक हालिया घटनाक्रम में साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव में दिनदहाड़े एक युवक ने महज चोरी का विरोध करने पर दुकानदार की कनपटी पर बंदूक तान दी और फायरिंग कर दी.

बता दें कि इस पूरी घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है, जिसमें अपराधी सरेआम हथियार लहराते हुए दहशत फैलाता नजर आ रहा है. गनीमत रही कि गोली दुकानदार को नहीं लगी, वरना एक बड़ी अनहोनी हो सकती थी.

चोरी पकड़ी गई तो ‘दबंगई’ पर उतरा अपराधी

घटना चौकी पंचायत के वार्ड संख्या-10 की है. बताया जा रहा है कि विकास शर्मा नामक दुकानदार ने अपनी ग्रिल की दुकान के सामने एक युवक को अपनी बाइक की बैटरी चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. आरोपी की पहचान चौकी गांव निवासी कारे लाल महतो के रूप में हुई है.

वहीं चोरी पकड़े जाने पर शर्मिंदा होने के बजाय आरोपी गाली-गलौज करने लगा और देखते ही देखते उसने जेब से देसी कट्टा निकालकर दुकानदार पर फायरिंग कर दी. इस जानलेवा हमले में दुकानदार बाल-बाल बच गया, लेकिन इलाके में सन्नाटा पसर गया.

दहशत के बीच ग्रामीणों दिखाया साहस

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए. अपराधी भागने की फिराक में था, लेकिन स्थानीय लोगों ने जान की बाजी लगाकर उसे मौके पर ही दबोच लिया. घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की तहकीकात शुरू की. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, लेकिन इलाके में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म हो चुका है और वे छोटी-छोटी बातों पर हथियार निकाल लेते हैं.

ये भी पढ़ें: नोएडा में सैलरी को लेकर भड़के हजारों कर्मचारी, पुलिस की गाड़ियां फूंकी और जमकर पथराव; इलाके में भारी तनाव

वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

इस पूरी वारदात का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है. हालांकि, पुलिस इस वीडियो की तकनीकी जांच करा रही है. थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है. वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है और उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसके साथ ही हैरानी की सबसे बड़ी बात यह है कि घटना के बावजूद पीड़ित पक्ष की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, जिससे पुलिसिया कार्रवाई में पेचीदगी बढ़ सकती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read