Bharat Express DD Free Dish

नोएडा में सैलरी को लेकर भड़के हजारों कर्मचारी, पुलिस की गाड़ियां फूंकी और जमकर पथराव; इलाके में भारी तनाव

नोएडा के फेज-2 में सोमवार सुबह सैलरी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. पिछले 3 दिनों से चल रहा शांतिपूर्ण प्रदर्शन अचानक पथराव और आगजनी में बदल गया, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की दो गाड़ियां भी पलट दीं.

Noida News, Noida Phase 2 Violence, Noida Workers Protest

Noida Workers Protest: उत्तर प्रदेश के हाई-टेक शहर नोएडा में आज यानी सोमवार (13 अप्रैल) की सुबह जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया है. नोएडा के फेज-2 इलाके में सैलरी को लेकर चल रहा कर्मचारियों का गुस्सा अचानक इतना भड़क उठा कि वहां का मंजर किसी युद्ध क्षेत्र जैसा नजर आने लगा. वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर अड़े कर्मचारियों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प ने पूरे शहर में अफरातफरी मचा दी है.

पथराव, आगजनी और आंसू गैस के गोले

बातचीत से शुरू हुआ यह मामला देखते ही देखते हिंसा में तब्दील हो गया. सुबह करीब 9:30 बजे जब एक निजी कंपनी के हजारों कर्मचारी सड़कों पर उतरे, तो स्थिति बेकाबू हो गई. आक्रोशित भीड़ ने न केवल पुलिस पर जमकर पथराव किया, बल्कि कई वाहनों को आग के हवाले भी कर दिया.

खबर है कि सेक्टर-1 के पास प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की दो गाड़ियों को पलट दिया और उनमें आग लगा दी. इस उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आखिर में लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. फिलहाल नोएडा के सेक्टर-1 से लेकर सेक्टर-62 तक तनाव का माहौल बना हुआ है.

क्यों भड़का कर्मचारियों का गुस्सा?

यह कोई अचानक हुई घटना नहीं है. मिली जानकारी के मुताबिक, कर्मचारी पिछले तीन दिनों से वेतन बढ़ोतरी और लेबर एक्ट के तहत हालिया बदलावों को लेकर नाराज थे. उनकी मांग थी कि उनकी सैलरी में सम्मानजनक इजाफा किया जाए. प्रशासन, डीएम और पुलिस कमिश्नर पिछले कई दिनों से कर्मचारियों को समझाने की कोशिश कर रहे थे. रविवार को भी नोएडा प्राधिकरण के सीईओ और डीएम के साथ लंबी बातचीत हुई थी, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला. कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा था, जबकि उनकी मांगें नहीं मानी गईं. इसी असहमति की आग सोमवार सुबह भड़क उठी. गुस्साई भीड़ ने इमारतों के कांच तोड़ दिए और सड़कों पर खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाया.

ये भी पढ़ें- नारी शक्ति वंदन सम्मेलन: बंगाल में ‘दीदी’ की टेंशन बढ़ी? सिलीगुड़ी के कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी को बताई बंगाल की आपबीती

अधिकारियों की अपील

नोएडा पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि हिंसा आगे न बढ़े. डीएम ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और साफ किया है कि कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. हालांकि, कर्मचारियों की नाराजगी अब भी कम नहीं हुई है. ऑफिस जाने वाले लोगों के लिए भी नोएडा के कई रास्तों पर जाम और डायवर्जन की वजह से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read