रिपोर्ट- अंजनी कुमार कश्यप
Bhagalpur: बरारी थाना क्षेत्र के खंजरपुर इलाके में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया. यहां के जवाहरलाल हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही अररिया की रहने वाली छात्रा श्रृष्टि सिंह उर्फ लाडो की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई.
मिली जानकारी के अनुसार, श्रृष्टि हाल ही में इस हॉस्टल में शिफ्ट हुई थी. शिफ्टिंग के समय उसके माता-पिता भी उनके साथ थे, लेकिन थोड़ी ही देर बाद वे अपने घर लौट गए. माना जा रहा है कि हॉस्टल में शिफ्ट होने के लगभग तीन घंटे के भीतर ही श्रृष्टि का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला.
कैसे खुला राज?
घटना का पता तब चला जब पास के कमरे में रहने वाली एक छात्रा ने लगातार दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन जब जवाब नहीं मिला तो उसने शोर मचाया. इसके बाद हॉस्टल के स्टाफ को सूचित किया गया. जब दरवाजा खोला गया, तो वहां मौजुद सभी लोग सकते में आ गए.
बरारी थाना के थानाध्यक्ष बिट्टू कमल पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. हॉस्टल संचालक की मौजूदगी में शव को कमरे से बाहर निकाला गया. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत एकत्र किए हैं.
पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम
पुलिस ने बताया कि छात्रा के मोबाइल फोन से कुछ व्हाट्सएप चैट भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है. हालांकि, फिलहाल मौत की असली वजह साफ नहीं हो पाई है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी.
इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं ने माहौल को और भी तनावपूर्ण बना दिया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और हर संभव पहलू को खंगाल रही है. जवाहरलाल हॉस्टल के संचालक ने बताया,
“छात्रा आज ही हॉस्टल में आई थी. हमें समझ नहीं आ रहा कि यह कैसे हुआ. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. हम पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं.”
ये भी पढ़ें: 4 साल से ब्लैकमेल कर रहा था डॉक्टर! फार्म हाउस पर हिंदू युवती के साथ पकड़ाया, गुस्साई भीड़ ने की जमकर धुनाई
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



