Republic day 2026: आज 26 जनवरी को भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. यह दिन हर भारतीय के लिए गर्व और उत्साह का प्रतीक है. 1950 में इसी दिन भारत का संविधान लागू हुआ था और देश एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना. तभी से हर साल यह दिन राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जाता है. राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड में भारत की सांस्कृतिक विविधता, सैन्य ताकत और परंपरागत विरासत की झलक देखने को मिलती है.
अमेरिका की शुभकामनाएं
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को गणतंत्र दिवस की बधाई दी. उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारत ऐतिहासिक रिश्तों से जुड़े हैं और रक्षा, ऊर्जा, खनिजों और नई तकनीकों में दोनों देशों का सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है. रुबियो ने यह भी कहा कि क्वाड जैसे मंचों पर भारत-अमेरिका साझेदारी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए सकारात्मक परिणाम दे रही है.
चीन का संदेश
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भी भारत को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने भारत को पड़ोसी, मित्र और साझेदार बताते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई संदेश भेजा.
फ्रांस की शुभकामनाएं
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रो ने भारत को शुभकामनाएं देते हुए 2024 के गणतंत्र दिवस को याद किया, जब वे भारत में मुख्य अतिथि बने थे. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता को संदेश भेजते हुए कहा कि फरवरी में मुलाकात होगी और दोनों देशों का सहयोग आगे भी जारी रहेगा.
बांग्लादेश का स्नेह
बांग्लादेश ने भी भारत को इस खास दिन पर शुभकामनाएं दीं. भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की जिसमें लिखा था कि बांग्लादेश भारत के 77वें गणतंत्र दिवस पर बधाई देता है. उन्होंने भारतीय नागरिकों को शुभकामनाएं दीं.
ये भी पढ़ें-भारत एक्सप्रेस के प्रांगण में मना गणतंत्र दिवस का उत्सव, फहराया गया तिरंगा, CMD उपेन्द्र राय ने दी बधाई
गणतंत्र दिवस का महत्व
गणतंत्र दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि भारत की लोकतांत्रिक यात्रा का प्रतीक है. 15 अगस्त 1947 को आजादी मिलने के बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ और भारत ने लोकतांत्रिक गणराज्य का रूप लिया. यही वजह है कि यह दिन हर भारतीय के लिए राष्ट्रीय गर्व और एकता का प्रतीक है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
