Urdu Conclave 2026

मियांं भोपाली सुनो जरा! नागपुर से शहर में आया जहर, कहीं खा तो नहीं रहें इन दुकानों की मिठाई?

Bhopal Adulterated Mawa Seized: त्योहारों से ठीक पहले भोपाल के नादरा बस स्टैंड पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नागपुर से आई बस पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान 316 किलो संदिग्ध मावा और मिल्क केक जब्त किया गया, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है.

Bhopal Adulterated Mawa Seized Nadra Bus Stand

Bhopal Adulterated Mawa Seized Nadra Bus Stand- bharat express

Bhopal Adulterated Mawa Seized: त्योहारों का सीजन आते ही बाजारों में रौनक बढ़ जाती है, लेकिन इसके साथ ही शुरू हो जाता है मिलावटखोरों का गंदा खेल. आगामी त्योहारों और रक्षाबंधन के मद्देनजर जब आम जनता मीठे से मुंह मीठा करने की तैयारी में है, तब खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और संदिग्ध मिठाइयों के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है. इसी कड़ी में भोपाल से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां शहर के लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया गया है. नागपुर से भोपाल मिठाई के रूप में जहर सप्लाई करने वालों को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने धर दबोचा. आपको विस्तार से बताते हैं पूरा मामला.

नागपुर से आई बस में मिला संदिग्ध मावा और मिल्क केक

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि भोपाल में दूसरे राज्यों से बड़ी मात्रा में घटिया और संदिग्ध मावा तथा मिठाइयां सप्लाई की जा रही हैं. इस सूचना के आधार पर अधिकारियों ने बिना देर किए शहर के नादरा बस स्टैंड पर छापेमारी की. वहां नागपुर से आई एक बस की जब गहन जांच की गई, तो उसमें से भारी मात्रा में मावा और मिल्क केक के कट्टे बरामद हुए. खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बेहद संदिग्ध लग रही थी, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया.

अरीहंत डेयरी और लवली स्वीट्स के नाम थी बुकिंग

जांच के दौरान जो बातें सामने आईं, वे बेहद हैरान करने वाली हैं. विभागीय अधिकारियों ने जब माल की बुकिंग पर्चियों की जांच की, तो पता चला कि यह पूरा संदिग्ध सामान भोपाल के ही मशहूर दुकानदारों के नाम पर भेजा गया था. आपको बता दें कि कुल 150 किलोग्राम मावा ‘अरीहंत डेयरी, भोपाल’ के नाम पर बुक था, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 45,000 रुपये है.  कुल 166 किलोग्राम मिल्क केक ‘लवली स्वीट्स (सब्जी मंडी), भोपाल’ के नाम से मंगाया गया था, जिसकी कीमत लगभग 33,000 रुपये है. इस तरह पूरी कार्रवाई में टीम ने कुल 316 किलोग्राम संदिग्ध मावा और मिल्क केक जब्त किया, जिसकी कुल कीमत 78,000 रुपये आंकी गई है.

यह भी पढ़ें: क्या है पैरोल और फरलो का ये चक्कर? वो कानूनी लूपहोल, जिसके सहारे बार-बार जेल से बाहर आ रहा राम रहीम

लैब भेजी गई सामग्री, रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई

विभाग की टीम ने नियमानुसार जब्त किए गए मावे और मिल्क केक के सैंपल (नमूने) लेकर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (फूड टेस्ट लैब) में जांच के लिए भेज दिए हैं. अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि जैसे ही लैब से जांच रिपोर्ट आएगी, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSMA), 2006 के तहत आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने साफ कर दिया है कि रक्षाबंधन और आने वाले त्योहारों को देखते हुए भोपाल में मावा, मिल्क केक, घी, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि कोई भी त्योहार के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ न कर सके.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read