Bharat Express DD Free Dish

“ब से बीड़ी ब से बिहार…”, कांग्रेस के ट्वीट से भड़क उठी बीजेपी, कहा- ये बिहारियों का अपमान है

Congress Bidi Controversy: केरल कांग्रेस ने ऐसा ट्वीट कर दिया. जिसके बाद सियासी गलियारे में बवाल मच गया है. केरल कांग्रेस के इस ट्वीट में बीड़ी की तुलना बिहार से की गई है. बीजेपी ने इसे बिहार से जोड़ते हुए बिहारियों का अपमान बताया है.

केंद्र सरकार के द्वारा हाल ही में जीएसटी रिफॉर्म में बीड़ी पर टैक्स घटा दिया गया है. जिसको लेकर केरल कांग्रेस ने ऐसा ट्वीट कर दिया. जिसके बाद सियासी गलियारे में बवाल मच गया है. केरल कांग्रेस के इस ट्वीट में बीड़ी की तुलना बिहार से की गई है. इस ट्वीट को लेकर बीजेपी कांग्रेस पर हमलावर हो गई है. बीजेपी ने इसे बिहार से जोड़ते हुए बिहारियों का अपमान बताया है. वहीं कांग्रेस के खिलाफ एनडीए के अन्य दलों ने भी मोर्चा खोल दिया है.

केरल कांग्रेस ने बीड़ी पर जीएसटी घटा दिए जाने पर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक ट्वीट किया. जिसमें सिगरेट, तंबाकू और बीड़ी पर लगाये गए जीएसटी को एक चार्ट के माध्यम से बताया गया है.

congress bidi controversy

इस चार्ट में सिगरेट पर 28% से बढ़ाकर 40%, तंबाकू उत्पादों पर 28% से 40% और बीड़ी पर 28% से 18% जीएसटी टैक्स लगाने को दर्शाया गया है. इसमें बताया गया है कि पहले सभी तंबाकू उत्पादों पर 28% जीएसटी लगाया गया था, लेकिन अब बीड़ी को छोड़कर बाकी तंबाकू उत्पादों पर जीएसटी बढ़ाकर 40% कर दिया गया है. बीड़ी पर पहले 28% जीएसटी लग रहा था उसे घटाकर अब 18% कर दिया गया है.

केरल कांग्रेस के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से इस पोस्ट में लिखा गया है, “बीड़ी और बिहार दोनों ‘B’ से शुरू होता है. इन्हें पाप नहीं माना जा सकता है”

कांग्रेस की तरफ से ये ट्वीट आते ही विवाद हो गया. बीजेपी ने इसे बिहार और बिहारियों का अपमान बताया है.

‘बिहार विरोधी मानसिकता दिखी’

केरल कांग्रेस के इस ट्वीट पर बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. पूनावाला ने कहा कि, पीएम मोदी की मां को गाली देने के बाद, कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी बिहार विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है. उन्होंने बिहार व बिहारियों की तुलना बीड़ी से की है. सोचिये किस मानसिकता की पार्टी है कांग्रेस.

बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने आगे कहा कि, ये पहली बार नहीं हुआ है. डीएमके नेताओं ने पहले भी बिहारियों को पानी पूरी बेचने वाला और टॉयलेट क्लीनर बताया था. वहीं तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने तो बिहार के डीएनए पर ही सवाल खड़े कर दिये थे. उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने बिहारियों की तुलना बीड़ी से करके पूरे बिहार का अपमान किया है.

बिहार की जनता देगी जवाब

केरल कांग्रेस के ट्वीट पर अब जदयू भी कांग्रेस पर हमलावर हो गई है. जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने इसे बिहार का अपमान करार देते हुए कहा कि, बिहार का अपमान करना महागठबंधन के सहयोगी दलों का शगल बन गया है. बिहार की पहचान क्या बीड़ी से है? उन्होंने कहा कि बिहार बुद्धिमान बिहार है. जो अपने सम्मान के लिए जाना जाता है. यहत जगतजननी मां सीता, सूफी संतों की धरती है. बिहार जहां भी जीते हैं स्वाभिमान और आत्मसम्मान से जीते हैं.

ये भी पढ़ें- शीना बोरा हत्याकांड में नया ट्विस्ट! गवाह विधि मुखर्जी के यू-टर्न से सनसनी, क्या बेगुनाह साबित होगी इंद्राणी मुखर्जी?

जदयू प्रवक्ता ने आगे कहा कि, अब गेंद तेजस्वी यादव के पाले में है. केवल सीएम उम्मीदवार बनने के लिए चरण पादुका मत धोइये. बिहार की जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी.

वहीं एनडीए के द्वारा उठाये जा रहे इस मुद्दे पर कांग्रेस ने भी अपना जवाब दिया है. कांग्रेस ने कहा कि आगामी बिहार चुनाव को देखते हुए बीड़ी पर जीएसटी घटाया गया है. इसी को इस ट्वीट के माध्यम से दर्शाया गया है.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read