महाराष्ट्र के गडचिरोली जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई जिसमें सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल की. इस ऑपरेशन में तीन महिला नक्सलियों समेत कुल चार नक्सली मारे (Naxalites Killed) गए. यह मुठभेड़ गडचिरोली और छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले की सीमा के पास कोपरशी वन क्षेत्र में हुई.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस को 25 अगस्त को गट्टा दलम, कंपनी नंबर 10 और गडचिरोली डिवीजन की अन्य माओवादी इकाइयों की मौजूदगी की पक्की जानकारी मिली थी. इसके बाद गडचिरोली पुलिस की सी-60 कमांडो टीम और सीआरपीएफ ने मिलकर कार्रवाई की योजना बनाई. भारी बारिश के बावजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के नेतृत्व में सुरक्षाबलों की टीम बुधवार सुबह जंगल में पहुंची.
रुक-रुक कर होती रही गोलीबारी
जैसे ही तलाशी अभियान शुरू हुआ नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और करीब आठ घंटे तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही. मुठभेड़ खत्म होने के बाद मौके से तीन महिला और एक पुरुष नक्सली का शव बरामद किया गया. साथ ही एक एसएलआर, दो इंसास और एक .303 राइफल भी जब्त की गई.
तलाशी अभियान जारी
फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है क्योंकि कुछ नक्सलियों के छिपे होने की आशंका बनी हुई है. जिला पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल मिलकर जंगलों की गलियों को छान रहे हैं. महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ बॉर्डर लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का गढ़ रहा है ऐसे में यह मुठभेड़ सुरक्षाबलों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
इसे भी पढ़ें-कमरे में मिला ‘Liquid’ और फिर बदल गया कंचन का बयान, निक्की मर्डर केस में जुड़ी नई मिस्ट्री
अधिकारियों का साफ कहना है कि नक्सलियों पर दबाव बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



