Nikki Murder Case: ग्रेटर नोएडा के निक्की मर्डर केस में नया ट्विस्ट देखने को मिला है. पुलिस की जांच में लगातार नए तथ्य और वीडियो सामने आ रहे हैं, जिनसे केस की दिशा बदलने लगी है. जांच कर रही पुलिस टीम को निक्की के कमरे से एक संदिग्ध ज्वलनशील तरल मिला है. इसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. शुरुआती जांच में यह महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है, क्योंकि निक्की की मौत झुलसने से हुई थी.
21 अगस्त की घटना से जुड़े कई छोटे-छोटे वीडियो क्लिप भी पुलिस के हाथ लगे हैं. इनमें एक वीडियो ऐसा है जिसमें निक्की की सास दयावती अपने बेटे विपिन और बहू निक्की के बीच हो रहे झगड़े को शांत करने की कोशिश करती दिख रही हैं. वहीं दूसरा वीडियो, जिसे निक्की की बहन कंचन ने शूट किया था, उसमें एक आवाज सुनाई देती है .ये क्या कर लिया?.. पुलिस का मानना है कि यह बयान जांच को नई दिशा दे सकती है.
इस नए वीडियो ने बदल दी जांच की दिशा
निक्की की बहन कंचन ने ही इस मामले की एफआईआर दर्ज कराई थी. उसका आरोप है कि निक्की को पति विपिन, ससुर सत्यवीर, सास दया और देवर रोहित ने मिलकर पीटा और फिर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी. लेकिन पुलिस को मिले नए वीडियो और कमरे से बरामद सैंपल यह संकेत दे रहे हैं कि घटनाक्रम उतना सीधा नहीं है, जितना परिजनों का दावा है.
पुलिस को घर के पास लगे सीसीटीवी से भी अहम फुटेज मिला है. इसमें घटना से ठीक पहले विपिन घर के बाहर खड़ा दिखाई देता है. इतना ही नहीं, जांच टीम विपिन के खिलाफ दर्ज एक पुराने केस को भी खंगाल रही है. अक्टूबर 2024 में जारचा थाने में प्रीति नाम की युवती ने विपिन पर मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज कराया था.
क्या निक्की गैस सिलेंडर फटने से झुलसी थी?
पुलिस की जांच में एक और नया खुलासा हुआ, जब एक निजी अस्पताल के मेमो में लिखा है था कि निक्की गैस सिलेंडर फटने से झुलसी थी उसे विपिन का चचेरा भाई देवेंद्र अस्पताल लेकर पहुंचा था. चचेरा भाई देवेंद्र ने बयान दिया कि घटना के समय विपिन घर पर नहीं, बल्कि पास की दुकान पर था. देवेंद्र ने यह भी कहा कि निक्की अस्पताल ले जाते वक्त लगातार पानी मांग रही थी और उसे सांस लेने में कठिनाई हो रही थी.
इस बीच निक्की के पिता भिखारी सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप की अपील की है. उनका आरोप है कि भाटी परिवार 36 लाख रुपये और एक कार की मांग कर रहा था. भिखारी सिंह ने यह भी कहा कि उन्होंने बेटियों को ब्यूटी पार्लर का काम शुरू करने के लिए पैसे दिए थे. उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर रील्स बनाना या अन्य कारण उनकी बेटी की हत्या का आधार नहीं हो सकता.
अब इन तीन बिंदुओं पर टिकी है जांच
ग्रेटर नोएडा पुलिस अब जांच को तीन मुख्य बिंदुओं पर केंद्रित कर रही है. पहला कमरे से मिले ज्वलनशील पदार्थ की फोरेंसिक रिपोर्ट, सामने आए नए वीडियो क्लिप और तीसरा बहन कंचन के बदलते बयान. इन्हीं कड़ियों के आधार पर यह तय होगा कि निक्की की मौत वास्तव में गैस सिलेंडर हादसा थी या फिर सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है.
फिलहाल पुलिस ने पति विपिन समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 115(2) (चोट पहुंचाना) और 61(2) के तहत दर्ज है. आने वाली फोरेंसिक रिपोर्ट और डिजिटल सबूत ही यह साफ करेंगे कि निक्की की मौत एक हादसा थी या वारदात.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


