रिपोर्ट- आशुतोष
बिहार विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जो कुछ हुआ उसने सूबे की सियासत में एक नई बहस छेड़ दी है. मामला इतना बढ़ गया कि सदन में शांति की जगह सिर्फ नारों और शोर-शराबे की गूंज सुनाई दी. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक राजू तिवारी ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की है
क्या है पूरा मामला?
पूरा मामला दिवंगत नेता रामविलास पासवान के इर्द-गिर्द घूम रहा है. लोजपा (रामविलास) के विधायक राजू तिवारी ने तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा है. विवाद की जड़ वह बयान है जिसमें तेजस्वी यादव ने कथित तौर पर रामविलास पासवान के लिए ‘बेचारा’ शब्द का इस्तेमाल किया था.
राजू तिवारी का कहना है कि एक ऐसे नेता को, जिन्होंने दशकों तक केंद्र की राजनीति में अपनी धाक जमाए रखी और जिन्हें ‘मौसम वैज्ञानिक’ कहा जाता था, उन्हें ‘बेचारा’ कहना सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि उनकी विरासत का अपमान है. तिवारी ने सदन में दो टूक कहा कि तेजस्वी यादव को अपनी इस टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए.
विधायक राजू तिवारी ने केवल माफी की मांग ही नहीं की, बल्कि आरजेडी की पूरी कार्यशैली पर भी सवाल उठा दिया. उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान जैसे कद्दावर दलित नेता के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करना यह दिखाता है कि आरजेडी के मन में दलितों और पिछड़ों के लिए कितनी इज्जत है. उन्होंने तेजस्वी यादव को सीधे तौर पर दलित विरोधी और पिछड़ा विरोधी करार दिया.
लोजपा (रामविलास) के कार्यकर्ता और विधायक दल तेजस्वी यादव के खिलाफ नारेबाजी पर उतर आए. हंगामे के बीच कार्यवाही को संभालना मुश्किल हो गया. पार्टी के सदस्यों का साफ कहना है कि रामविलास पासवान उनके लिए सिर्फ एक नेता नहीं बल्कि एक विचार हैं, और उनके सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
क्या झुकेंगे तेजस्वी?
अब सवाल यह उठता है कि क्या बिहार की राजनीति में मचे इस घमासान का कोई अंत होगा? फिलहाल तेजस्वी यादव या आरजेडी की तरफ से झुकने का कोई संकेत नहीं मिल रहा हैं. लेकिन जिस तरह से लोजपा (रामविलास) ने इस मुद्दे को दलित अस्मिता से जोड़ दिया है, उसने तेजस्वी यादव को रक्षात्मक मुद्रा में जरूर खड़ा कर दिया है.
यह भी पढ़ें: Gold-Silver की कीमतों में लगातार बड़ी गिरावट! अर्श से फर्श पर पहुंच गई चांदी; क्या फूट गया सिल्वर का बुलबुला?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


