बिहार की सियासत में 7 मई का दिन बेहद खास होने जा रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई सरकार के बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल का विस्तार 7 तारीख को होने जा रहा है. इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में किया जाएगा. समारोह की गरिमा बढ़ाने और नई सरकार को मजबूती देने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से पटना पहुंच रहे हैं. पीएम के आगमन को लेकर पटना में सुरक्षा और समारोह की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं.
नई कैबिनेट में किन चेहरों को जगह मिलेगी और किन दिग्गजों का पत्ता कटेगा, इस पर अभी भी गहरा सस्पेंस बरकरार है. हालांकि, यह सस्पेंस अब चंद घंटों का ही मेहमान है. मंत्रियों के नामों की फाइनल लिस्ट पर अंतिम मुहर लगाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज (बुधवार) पटना पहुंच रहे हैं. पटना में होने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक में शाह की मौजूदगी में यह तय हो जाएगा कि 7 मई को गांधी मैदान के मंच से कौन-कौन से विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे.
27 मंत्री लेंगे शपथ, नीतीश कुमार का होगा अहम रोल
सूत्रों के मुताबिक, गांधी मैदान में होने वाले इस समारोह में कुल 27 मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी. इस विस्तार में एनडीए के सभी सहयोगी दलों को उचित प्रतिनिधित्व देने का फॉर्मूला तैयार किया गया है. मौजूदा व्यवस्था के तहत बीजेपी और जेडीयू के कोटे में 16-16 मंत्री पद हैं.
गठबंधन में किसे क्या मिलेगा?
7 मई को होने वाले विस्तार में संभावित रूप से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से 12 और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) से 11 मंत्री शपथ ले सकते हैं. इसके अलावा गठबंधन के अन्य सहयोगियों को भी साधा गया है, जिसमें चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) से 2, जीतन राम मांझी की पार्टी ‘हम’ (HAM) से 1 और उपेंद्र कुशवाहा की ‘आरएलएम’ (RLM) से 1 मंत्री बनाए जाने की प्रबल संभावना है.
ये भी पढ़ें: भाजपा ने बंगाल में पहना जीत का ताज…अब 22 राज्यों में राज! जानिए कैसे देश के सियासी नक्शे पर चढ़ा भगवा रंग
इस कैबिनेट विस्तार और नामों के चयन में जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भूमिका सबसे अहम मानी जा रही है. किसे मंत्री बनाया जाना है, इसका अंतिम फैसला मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार की आपसी सहमति और बातचीत के बाद ही लिया जाएगा. फिलहाल, बिहार के सियासी गलियारों में आज शाम तक सामने आने वाली फाइनल लिस्ट का बेसब्री से इंतजार है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


