Urdu Conclave 2026

‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान मंच से PM मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार, जानें क्या था पूरा मामला

Voter Adhikar Yatra: बिहार के दरभंगा में कांग्रेस और राजद की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहने का मामला तूल पकड़ गया है. पुलिस ने आरोपी युवक रफीक उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया है.

arrest

Voter Adhikar Yatra: बिहार में कांग्रेस और राजद की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला सिमरी थाना क्षेत्र के बिठौली चौक का है, जहां कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था.

जानकारी के अनुसार, इस घटना के बाद सिमरी थाना में कांड संख्या 243/25 दर्ज की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और गुरुवार देर रात सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भोपुरा गांव निवासी रफीक उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया.

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को माफी मांगनी चाहिए

बता दें कि कांग्रेस और राजद की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था. इससे जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को इस कुकृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए कांग्रेस और राजद के मंच से जिस प्रकार अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि हमारे लोकतंत्र को भी कलंकित करने वाला है. राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की राजनीति अपने निम्न स्तर पर आ पहुंची है. उनको यह बर्दाश्त नहीं हो पा रहा है कि कैसे एक गरीब मां का बेटा बीते 11 वर्षों से प्रधानमंत्री पद पर बैठा हुआ है और अपने नेतृत्व में देश को निरंतर आगे ले जा रहा है. यह साफ दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी अपने उस चाल-चरित्र में वापस लौट आई है, जिसके माध्यम से उसने हमेशा देश की राजनीतिक संस्कृति में जहर घोलने का काम किया.”

नरेन्द्र मोदी जी की दिवंगत माता जी को गाली दी गई

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से माफी की मांग की. उन्होंने गुरुवार को एक बयान में कहा, ‘कांग्रेस की तथाकथित ‘वोट अधिकार यात्रा’ में जिस तरह से कांग्रेस-राजद के मंच से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली दी गई, वह घोर निंदनीय है. अभद्रता की सारी सीमा लांघ चुके दो शहजादों ने बिहार की धरती पर बिहार की संस्कृति का भी तिरस्कार किया है. उन्होंने बिहार की परंपरा को भी बदनाम किया है. राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को अविलंब इस कुकृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए.’

ये भी पढ़ें: दहेज की आग में जलती बेटियां! निक्की भाटी से भी डरावनी है बेंगलुरु की सॉफ्टवेयर इंजीनियर शिप्ला की कहानी, पढ़ें क्या है पूरा मामला

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read