सम्राट चौधरी. (फाइल फोटो)
Bihar News: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि उन्हें एक धमकी भरा मैसेज मिला है, जिसमें लिखा गया है कि ’24 घंटे के अंदर गोली मार दी जाएगी.’ इस गंभीर धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस और साइबर सेल ने शुरू की जांच
धमकी भरा यह मैसेज उनके आधिकारिक मोबाइल नंबर पर भेजा गया है. मैसेज में न सिर्फ हत्या की धमकी दी गई है, बल्कि अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है. सम्राट चौधरी ने इस धमकी की जानकारी तुरंत संबंधित सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस को दी, जिसके बाद मामले को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
पटना पुलिस और स्पेशल ब्रांच की टीम इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. धमकी भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर सेल को भी एक्टिव कर दिया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोबाइल नंबर और मैसेज की टेक्निकल जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि धमकी कहां से और किसने भेजी है.
इस बीच सम्राट चौधरी ने कहा कि वह ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और उनका काम और सेवा लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा, ‘यह लोकतंत्र है, यहां विचारों का विरोध हो सकता है लेकिन हिंसा और धमकी का कोई स्थान नहीं है.’
बिहार सरकार ने बढ़ाई सुरक्षा
बिहार सरकार ने डिप्टी सीएम की सुरक्षा को और कड़ा कर दिया है. सूत्रों के अनुसार, उन्हें अब अतिरिक्त सुरक्षा बल भी मुहैया कराया गया है. वहीं, इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई है. कई नेताओं ने इस घटना की निंदा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस का कहना है कि जल्द ही धमकी देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

