Bharat Express DD Free Dish

Bihar Elections 2025: प्रशांत किशोर ने चिराग पर कसा तंज, कहा- बढ़ते अपराध की इतनी चिंता, तो NDA से अलग हो जाएं

प्रशांत किशोर ने चिराग पासवान के बयान पर कहा कि यह जनता का दबाव है कि एनडीए के सहयोगी दलों को भी आवाज उठानी पड़ रही है. अगर चिराग पासवान को लगता है कि बिहार की कानून व्यवस्था ठीक नहीं है तो उन्हें NDA से अलग हो जाएं.

Bihar Election 2025

Bihar Elections 2025: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने लोजपा (रामविलास) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के ताजा बयान पर प्रतिक्रिया दी है. चिराग ने बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर असंतोष प्रकट किया था. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा था कि उनको इस बात का अफसोस है कि वे ऐसी सरकार को समर्थन दे रहे हैं, जिसके प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान हैं.

प्रशांत किशोर ने चिराग पासवान के बयान पर कहा कि यह जनता का दबाव है कि एनडीए के सहयोगी दलों को भी आवाज उठानी पड़ रही है. लेकिन चिराग पासवान को अगर लगता है कि बिहार की कानून व्यवस्था ठीक नहीं है तो उन्हें एनडीए सरकार से अलग हो जाना चाहिए. बिहार की जनता की आवाज बननी चाहिए. बिहार की जनता की लड़ाई लड़नी चाहिए. यह सही नहीं है कि एनडीए में रहें भी और उसकी शिकायत भी करें.

तेज प्रताप से पूछिए कब हरा पहनेंगे

प्रशांत किशोर बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में आज लखीसराय में बिहार बदलाव जनसभा करने पहुंचे. सूर्यगढ़ा में जनसभा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के टोपी और झंडा बदले जाने को लेकर भी तंज कसा.

पूर्व राजद नेता तेज प्रताप यादव के पीला टोपी पहनकर घूमने को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा , “जो भी पीली टोपी पहन ले, वह जन सुराज में ही आ जाए, यह जरूरी नहीं है. यह बात तेज प्रताप से पूछनी चाहिए कि वो कब हरा पहनेंगे, कब पीला पहनेंगे. जन सुराज का रंग पीला है. अब जिसको भी पीले रंग में रंगना है, रंग जाए.”

ये बदहाल बिहार की आखिरी दीपावली और छठ होगी

इससे पहले सूर्यगढ़ा बाजार के पब्लिक हाई स्कूल मैदान में हुई जनसभा में प्रशांत किशोर ने लोगों से अपने बच्चों का चेहरा देखकर वोट करने की बात कही. इस साल बिहार की बदहाली की आखिरी दीपावली और छठ होगी. उन्होंने कहा कि छठ के बाद सूर्यगढ़ा के या लखीसराय के युवाओं को 10-12 हजार रुपए की मजदूरी करने के लिए अपना घर-परिवार छोड़कर नहीं जाना पड़ेगा.

लखीसराय के ही नहीं, बिहार के ऐसे 50 लाख युवाओं को वापस बुलाकर उन्हें यहीं 10-12 हजार रुपए का रोजगार दे दिया जाएगा.

प्रशांत किशोर ने जनता से अपील की कि उन्हें और उनके बच्चों को लूटने वाले नेताओं को वोट न दें. इस बार अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए वोट करें.


ये भी पढ़ें: Bihar SIR: पहला चरण पूरा, 7 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने जमा किए फॉर्म


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read