Bihar Election 2025: आज यानी गुरुवार (6 नवंबर) को बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग होनी है. पहले चरण में कूल 121 सीटों के लिए सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होकर शाम पांच बजे खत्म होगी. पहले चरण में बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से लेकर जेल में बंद अनंत सिंह तक मैदान में हैं. इसके अलावा घर और पार्टी से बाहर कर दिए गए तेजस्वी के बड़े भाई तेजप्रताप यादव भी अपनी पार्टी यानी जनशक्ति जनता दल की ओर से प्रत्याशी है.
आइए जानते हैं आज की 10 ऐसी हॉट सीटों के बारे में जिसपर दिनभर सब की नज़र रहने वाली है.
1. मोकामा
इस पूरे चुनाव में सबसे ज्यादा गर्म या कहे चर्चित सीट मोकामा बन गई है. यहां से जदयू ने जेल से निकले बाहुबली अनंत सिंह को टिकट दिया है. अनंत सिंह यहां से 2005 से लगातार विधायक रहे हैं. 2020 में वह राजद की ओऱ से चुनाव जीते थे पर कोर्ट से एक मामले में सजा मिलने के बाद विधायकी चली गई. जिसके बाद हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने राजद के टिकट पर जीत हासिल किया. हालांकि नीलम देवी ने 2024 में जदयू के लिए क्रॉस वोटिंग की.
2025 में जदयू ने फिर से अनंत सिंह को ही टिकट दिया है. वहीं राजद ने एक और बाहुबली नेता सुरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को टिकट. बता दें कि इसी चुनाव प्रचार के दौरान हुई दुलाकचंद की हत्या के मामले से अनंत सिंह को फिर से जेल भेजा गया है. फिलहाल वह 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल में हैं.
2. राघोपुर
महागठबंधन की ओर सै मुख्यमंत्री का चेहरा और लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव राघोपुर से लगातार दो बार से विधायक हैं. वह 2015 से इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं तेजस्वी के सामने बीजेपी ने सतीश कुमार यादव को खड़ा किया है. तेजस्वी यादव की लोकप्रियता को देखते हुए इस सीट पर कड़े मुकाबले के आसार कम ही दिख रहे हैं.
3. अलीनगर
लोकगायिका मैथिली ठाकुर का यह पहला चुनाव है. बीजेपी ने लोकप्रियता को देखते हुए मैथिली को अपना उम्मीदवार बनाया है. 25 वर्षीय मैथिली का यह पहला चुनाव है. वहीं राजद की ओर से विनोद मिश्रा मैदान में हैं.
4. महुआ
घर और पार्टी गंवा चुके तेज प्रताप यादव के लिए महुआ में यह साख बचाने का चुनाव है. तेजप्रताप अपनी बनाई नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (Janashakti Janata Dal) की ओर से प्रत्याशी है. वह इस समय हसनपुर से विधायक हैं. वहीं राजद ने मुकेश कुमार रौशन उम्मीदवार को इस सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है.
5. तारापुर
बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी तारापुर से चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं उनके सामने आरजेडी के अरुण कुमार साह हैं, जिनसे सीधी टक्कर मानी जा रही है.
6. लखीसराय
बिहार के दुसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से लगातार जीतते रहे हैं. पिछली बार के विधानसभा चुनाव में उन्होंने यहां से कांग्रेस के अमरेश कुमार को हराया था, इस बार भी वही मैदान में है.
7. छपरा
भोजपुरी एक्टर और सिंगर खेसारी लाल यादव आरजेडी के टिकट पर यहां से चुनाव लड़ रहे हैं. हालांकि, पहले उनकी पत्नी को टिकट मिलने वाला था मगर अंत में खेसारी खुद चुनाव लड़ रहे हैं. वहीं बीजेपी ने छोटी कुमारी को अपना प्रत्याशी बनाया है.
8. रघुनाथपुर
अपने समय के दिवंगत बाहुबली नेता और सांसद रहे शहाबउद्दीन के बेटे ओसामा शहाब पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं. आरजेडी ने उनको रघुनाथपुर से प्रत्याशी बनाया है. ओसामा के सामने जदयू से विकास सिंह मैदान में हैं. वर्तमान में राजद के हरिशंकर यादव इस सीट से विधायक हैं.
9. दानापुर
राजद के बाहुबली नेता रीतलाल यादव यहां से चुनाव लड़ रहे हैं. वह इस समय जेल में बंद है. ED के छापों के लेकर वह अक्सर सुर्खियों में रहे. वहीं बीजेपी ने पूर्व सांसद रामकृपाल यादव को यहां से खड़ा किया है.
10. भोरे
गोपालगंज की भोरे सीट से ट्रांसजेंडर महिला प्रीति किन्नर जन सुराज पार्टी से चुनाव लड़ रही हैं. उनके सामने बिहार के शिक्षा मंत्री और जदयू नेता सुनिल कुमार मैदान में है. वहीं महागठबंधन की ओर से भाकपा-माले ने जेएनयू चात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष धनंजय को अपना प्रत्याशी बनाया है.
ये भी पढ़ें: Bihar Election 2025: राहुल गांधी पर ललन सिंह का पलटवार- ‘भारतीय मतदाता बनने के लिए सिद्ध करनी होगी नागरिकता’
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



