Bharat Express DD Free Dish

‘हम भुइयां-मुसहर…’ केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने नाराजगी से किया इंकार

Bihar Election: विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए के सीट बंटवारे के बाद जीतन राम मांझी ने कहा कि उन्होंने 15 सीटों की मांग की थी, लेकिन 6 सीटें मिलने पर भी वे संतुष्ट हैं और पीएम मोदी के साथ हैं.

Bihar Election

Bihar News: चुनाव को लेकर एनडीए के बीच सीट बंटवारा हो चुका है. सीट बंटवारे के बाद एनडीए के घटक दलों को मन मुताबिक सीटें न मिलने पर वे अपनी प्रतिक्रिया भी खुलकर दे रहे हैं. हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने खुलकर कहा कि उन्होंने 15 सीटों की मांग की थी. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वे छह सीट से भी संतुष्ट हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं.

मांझी का क्या कहना है?

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा,

“लोकसभा चुनाव में भी हमारी पार्टी को दो लोकसभा सीट और एक राज्यसभा सीट देने की बात कही गई थी लेकिन मिली एक थी. आज भी हम एनडीए के साथ हैं. हमें पंजीकृत पार्टी के रूप में मान्यता के लिए कम से कम आठ सीटों की मांग की थी. इसलिए, हमने कम से कम 15 सीटें मांगी थी लेकिन सिर्फ छह सीटें मिली हैं. हम छह सीट से भी संतुष्ट हैं. हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं.”

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने हमें काफी इज्जत दी है. वे हर तरह से गयाजी के विकास के लिए काम कर रहे हैं. गयाजी, बिहार और देश के विकास के लिए हम कोई भी कुर्बानी सहने को तैयार हैं.

‘हम लोग भुइयां और मुसहर जाति के’

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा,

“हम लोग भुइयां और मुसहर जाति के हैं. अभाव में जीने वाले लोग हैं और संतुष्ट रहते हैं. जो मिलता है, उसी में संतुष्ट हैं. ‎हमारी पार्टी पीएम नरेंद्र मोदी के साथ है और जो भी निर्णय हुआ है, उससे संतुष्ट है.”

ये भी पढ़े-एनडीए से सीट न मिलने पर ओम प्रकाश राजभर ने जताई नाराजगी, कर दिया बड़ा ऐलान

NDA में सीटों का बंटवारा

विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए ने रविवार को सीटों के बंटवारे की घोषणा की. इस बंटवारे के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 101-101 सीट पर चुनाव लड़ेगी जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को 29 सीट मिली हैं. पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह-छह सीटें मिली हैं.

बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा. मतगणना 14 नवंबर को होगी. ‎

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read