Bharat Express DD Free Dish

‘तटबंध टूटा, सड़कें डूबीं’ बिहार में गंगा का कहर, गांवों से लोग कर रहे पलायन

बिहार के आठ जिलों में गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात हैं. भागलपुर में तटबंध और बेगूसराय में बांध टूटने के बाद मुंगेर के गांवों से पलायन शुरू हो गया है.

Bihar Flood Ganga River Water Level Rises Dam Breached In Bhagalpur Begusarai Bharat Express

Bihar Flood

बिहार में गंगा नदी का रौद्र रूप अब लोगों को डराने लगा है. राज्य के आठ प्रमुख जिलों पटना, वैशाली, भोजपुर, बक्सर, भागलपुर, मुंगेर, समस्तीपुर और बेगूसराय के निचले इलाकों में गंगा का पानी तेजी से फैल रहा है. सैकड़ों एकड़ में लगी फसलें जलमग्न हो चुकी हैं.

भागलपुर में तटबंध टूटने और बेगूसराय में जमींदारी बांध बह जाने से हालात और गंभीर हो गए हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हवाई सर्वेक्षण कर अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है.

बेगूसराय: 30 मीटर जमींदारी बांध बहा

बेगूसराय के बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत बेगमसराय और झमतिया गांव के बीच बना जमींदारी बांध सोमवार तड़के अचानक टूट गया. तेज बहाव के कारण रिंग बांध का करीब 30 मीटर हिस्सा पानी में बह गया. ग्रामीणों ने पेड़-पौधों की डालियां काटकर पानी की गति धीमी करने का प्रयास किया. घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत के काम में जुट गई है.

मुंगेर: खतरे के निशान की ओर जलस्तर

मुंगेर में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और यह खतरे के निशान से महज 51 सेंटीमीटर नीचे रह गया है. दियारा क्षेत्र का जफरनगर गांव चारों तरफ से पानी से घिर चुका है. सड़कों पर जलजमाव होने से आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया है. गांव के लोग अपने मवेशियों और जरूरी सामान के साथ सुरक्षित ऊंचे स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं.

भागलपुर: पानी के दबाव के कारण टूटा तटबंध

भागलपुर जिले के खरीक अंचल स्थित काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल तटबंध का एक हिस्सा रविवार देर रात पानी के दबाव के कारण टूट गया. इससे आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है.

जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय खुद हालात की निगरानी कर रही हैं. आपदा प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की तकनीकी टीमें शंकरपुर टोला के पास मौके पर तैनात हैं. प्रशासन के मुताबिक, कटाव के कारण पानी नवगछिया की तरफ बह रहा है और जल प्रवाह को रोकने के लिए युद्धस्तर पर सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें: गृह मंत्री अमित शाह ने दो दिवसीय नौवें राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति सम्मेलन का किया उद्घाटन

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read