Bharat Express DD Free Dish

बिहार में भ्रष्टाचार के आरोप में दो आईएएस अधिकारी निलंबित, रिशु श्री घोटाले से जुड़ा मामला

Bihar News: बिहार सरकार ने भ्रष्टाचार के आरोपों में दो आईएएस अधिकारियों अभिलाषा शर्मा और योगेश कुमार सागर को निलंबित कर दिया है.

Bihar News: बिहार सरकार ने भ्रष्टाचार के गंभीर मामले में दो आईएएस अधिकारियों अभिलाषा शर्मा और योगेश कुमार सागर को निलंबित कर दिया है. दोनों पर ठेकेदार रिशु श्री से जुड़े टेंडर घोटाले में शामिल होने का आरोप है. महंगे तोहफे, विदेश यात्राएं और आलीशान खर्चों का राज सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया. कार्रवाई स्पेशल विजिलेंस यूनिट की रिपोर्ट के आधार पर हुई.

रिशु श्री से जुड़ा मामला

इस पूरे प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब ठेकेदार रिशु श्री के ठिकानों पर छापेमारी हुई. उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. ईडी की जांच में खुलासा हुआ कि रिशु श्री सरकारी विभागों में मनचाही पोस्टिंग कराने और टेंडर मैनेज करने में सक्रिय था. सचिव से लेकर नगर आयुक्त तक की नियुक्तियों में उसका दखल रहता था.

जांच एजेंसियों की रिपोर्ट

ईडी की जांच में मिले दस्तावेजों और पैसों के लेन-देन से यह साफ हुआ कि रिशु श्री ने दोनों अधिकारियों को कई तरह के फायदे दिए. एजेंसियों का कहना है कि रिशु श्री राज्य के बड़े अफसरों को अपने इशारों पर चलाता था. इसी वजह से अभिलाषा शर्मा और योगेश कुमार सागर पर कार्रवाई की प्रक्रिया तेज हुई.

विदेश यात्रा का खुलासा

जांच में सामने आया कि रिशु श्री ने आईएएस योगेश कुमार सागर और उनके आठ रिश्तेदारों को विदेश यात्रा कराई थी. 22 जून से 30 जून 2024 तक ऑस्ट्रिया के वियाना, साल्जबर्ग और वॉल्फगैंग में उन्होंने सैर-सपाटा किया. इस दौरान वे महंगे होटलों में ठहरे और कुल खर्च करीब 21.92 लाख रुपए हुआ. पूरा खर्च रिशु श्री ने उठाया था.

योगेश कुमार सागर का सफर

योगेश कुमार सागर 2017 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. निलंबन से पहले वे समाज कल्याण विभाग में तैनात थे. मूल रूप से उत्तरप्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले योगेश ने 2012 में लखनऊ के केजीएमयू से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी. उनका बचपन आर्थिक तंगी में बीता और परिवार को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. उनका जन्म 15 अप्रैल 1988 को हुआ था. उनके पिता कस्टम एंड सेंट्रल एक्साइज विभाग में कॉन्स्टेबल थे.

ये भी पढ़ें-गोपियों के बीच तेज प्रताप: बिहार की राजनीति छोड़ ब्रज के रंग में रंगे पूर्व मंत्री, सोशल मीडिया पर मचा तहलका

अभिलाषा शर्मा का करियर

2014 बैच की आईएएस अभिलाषा शर्मा ग्रामीण विकास विभाग में जीविका की सीईओ थीं. उन्होंने पश्चिम बंगाल यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. उनका जन्म 26 जनवरी 1989 को हुआ. करियर की शुरुआत उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय से की थी. बिहार सरकार में वे कई अहम पदों पर रह चुकी हैं. सीतामढ़ी की डीएम और वित्त विभाग में संयुक्त सचिव भी रही हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read