Mokama Clash News: मोकामा/रवि शंकर शर्मा: बिहार के मोकामा प्रखंड के हाथीदह थाना क्षेत्र स्थित दरियापुर चौक सोमवार की रात एक खूनी रणभूमि में तब्दील हो गया. रात करीब 9 बजे दो पक्षों के बीच एक पुरानी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक झड़प का रूप ले लिया. दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे और लोहे के रॉड चले. इस खूनी खेल में कुल 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 की हालत बेहद नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है.
पंचायत के बहाने बुलाकर हमला (Violent clash in Mokama)
ग्रामीणों के मुताबिक, इस पूरे बवाल की जड़ 5 दिन पहले का एक विवाद है. दोनों पक्षों के युवकों के बीच तेज स्पीड से बाइक चलाने को लेकर नोकझोंक हुई थी. आरोप है कि सोमवार रात इसी मामले को सुलझाने के लिए नीतीश पासवान ने साजन और राजन को ‘पंचायत’ के लिए बुलाया था. लेकिन वहां पहुंचते ही पूरी तैयारी के साथ बैठे प्रथम पक्ष के लोगों ने दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों और रॉड से जानलेवा हमला कर दिया. बीच-बचाव करने जो भी आया, उसकी भी जमकर पिटाई की गई.
मूकदर्शक बनी रही भीड़ (Hathidah police station Mokama)
हैरानी की बात यह रही कि करीब एक घंटे तक चले इस खूनी संघर्ष के दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, लेकिन किसी ने भी झगड़ा शांत कराने की हिम्मत नहीं दिखाई. लोग बस तमाशबीन बनकर घटना का वीडियो बनाते रहे. बवाल बढ़ने पर एसआई मौसमी कुमारी और बाद में हाथीदह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया.
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में मदरसा संग्राम! केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- आतंकवादियों की फैक्ट्री, क्या किया पाकिस्तान का जिक्र?
दोनों पक्षों के बीच तनाव, पुलिस तैनात (Mokama Crime News)
इस घटना में प्रथम पक्ष से साजन, राजन, ललन, छोटू, विभा देवी और कविता कुमारी, जबकि दूसरे पक्ष से नीतीश और संगीता देवी घायल हुए हैं. साजन और राजन के सिर में गंभीर चोटें आई हैं. बताया जा रहा है कि यह पूरी भिड़ंत पूर्व मुखिया और दिवंगत चौकीदार के परिजनों के बीच हुई है. फिलहाल इलाके में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है और लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस सख्त एक्शन की तैयारी में है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
