रिपोर्ट- अमन
Nawada fire news: बिहार के नवादा जिले के वारसलीगंज प्रखंड अंतर्गत मौसम गांव के वार्ड संख्या 12 में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गेहूं की खड़ी फसल में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते बड़े क्षेत्र में लगी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई. इस घटना से इलाके के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है और पूरे गांव में चिंता का माहौल है.
कैसी लगी भीषण आग?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने का संभावित कारण बिजली की चिंगारी या हाई टेंशन लाइन से निकली स्पार्क हो सकता है. गर्मी के मौसम और सूखी फसल के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया. ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवाओं और सूखे माहौल के चलते आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक कई किसानों की फसल पूरी तरह जल चुकी थी.
किसानों को लाखों का नुकसान
इस हादसे में वार्ड संख्या 12 के कई किसानों की गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. अपनी महीनों की मेहनत को यूं बर्बाद होते देख किसान काफी दुखी और परेशान हैं.
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नुकसान का आकलन कराने और उचित मुआवजा देने की मांग की है. उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं से उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ता है.
ये भी पढ़ें: दिल मिला तो पुरुष में क्या…? महिला ने महिला से की शादी, मंदिर में ऐसे लिए सात फेरे
जिले में बढ़ रही आग की घटनाएं
गौरतलब है कि नवादा जिले के हिसुआ, अकबरपुर और नारदीगंज जैसे क्षेत्रों में भी हाल के दिनों में गेहूं की फसल में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं. लगातार बढ़ती ऐसी घटनाओं ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है. प्रशासन के सामने अब चुनौती है कि इन घटनाओं पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि किसानों को भविष्य में इस तरह के नुकसान से बचाया जा सके.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


