Bihar Rail Accident: बिहार के जमुई जिले में शनिवार की देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जिससे हावड़ा-पटना-दिल्ली मुख्य रेल मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है. जमुई-जसीडीह रेलखंड के सिमुलतला स्टेशन के पास एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई. हादसा इतना भीषण था कि मालगाड़ी की करीब 17 बोगियां पटरी से उतर गईं और उनमें से कई डिब्बे पुल से नीचे बड़ुआ नदी में जा गिरे. इस घटना के बाद से अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन ठप पड़ गया है, जिससे हजारों यात्री बीच रास्ते में फंस गए हैं.
यह मालगाड़ी आसनसोल से सीमेंट लादकर सीतामढ़ी जा रही थी, तभी टेलवा बाजार हाल्ट के पास पुल संख्या 676 पर यह दुर्घटना घटी. गनीमत रही कि मालगाड़ी का इंजन और चालक सुरक्षित हैं, लेकिन पीछे के डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं. आसनसोल रेल मंडल के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गए हैं, लेकिन रूट को बहाल करने में लंबा समय लग सकता है.
पुल पर हादसा और नदी में गिरे डिब्बे (Simultala Rail Accident)
शनिवार रात करीब 11:30 बजे मालगाड़ी (अपलाइन) जसीडीह से झाझा की ओर बढ़ रही थी. जैसे ही ट्रेन टेलवा बाजार हाल्ट के पास स्थित पुल संख्या 676 पर पहुंची, अचानक तेज आवाज के साथ डिब्बे पटरी से उतरने लगे. मालगाड़ी में कुल 42 डिब्बे थे, जिनमें से 17 डिब्बे दुर्घटनाग्रस्त हो गए. एक दर्जन डिब्बे आपस में टकराकर डाउन लाइन पर आ गिरे, जबकि कई डिब्बे पुल तोड़ते हुए नीचे बह रही बड़ुआ नदी में जा समाए. इंजन अपने डिब्बों से अलग होकर करीब 400 मीटर आगे जाकर रुका.
सैकड़ों यात्री परेशान, दर्जनों ट्रेनें फंसीं (Delhi Hawra Route Blocked By Rail Accident)
इस दुर्घटना का सबसे बड़ा असर हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग पर पड़ा है. अप और डाउन दोनों लाइनों पर मलबा फैल जाने के कारण परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है. रात से ही कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी हैं. जसीडीह, झाझा और आसपास के स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई है. रेलवे ने कई ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए हैं या उन्हें रद्द कर दिया है. रात में गुजरने वाली करीब दो दर्जन ट्रेनों के पहिए थम गए हैं, जिससे यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है.
ये भी पढ़ें: अरावली पर्वत श्रृंखला को लेकर बढ़ी हलचल, सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान, 29 दिसंबर को होगी अहम सुनवाई
इंजन और क्रू सुरक्षित, रेस्क्यू जारी (Rail Accident In Jamui Jasidih Section)
हादसे के वक्त मालगाड़ी को ड्राइवर कमलेश कुमार और गार्ड मनीष कुमार पासवान चला रहे थे. अच्छी खबर यह है कि दोनों सुरक्षित हैं और मालगाड़ी के दोनों इंजन टेलवा बाजार हाल्ट पर सही सलामत हैं. चालक ने तुरंत घटना की सूचना सिमुलतला स्टेशन मास्टर को दी. रात करीब 1:00 बजे स्टेशन प्रबंधक अखिलेश कुमार, आरपीएफ प्रभारी रवि कुमार और पीडब्लूआई रंधीर कुमार मौके पर पहुंचे. आसनसोल से विशेष क्रेन और राहत दल को बुलाया गया है जो ट्रैक को साफ करने में जुटा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


