Bharat Express DD Free Dish

छात्रों के प्रदर्शन पर तनी AK-47: बिहार में फायरिंग के बाद जवान पर बड़ा एक्शन, विपक्ष हुआ हमलावर

Bihar Paper Leak Protest: बिहार के सीवान में पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान AK-47 से फायरिंग के आरोप में पुलिस जवान सस्पेंड हुआ. घटना पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने सरकार पर सवाल उठाए.

Bihar Paper Leak Protest: बिहार के सीवान जिले में पेपर लीक के विरोध में हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान AK-47 राइफल से फायरिंग करने के आरोप में एक पुलिस जवान को सस्पेंड कर दिया गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लिया और संबंधित जवान के खिलाफ कार्रवाई की. इस घटना को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है और विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है.

दरअसल, सीवान में पेपर लीक के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई. इसी दौरान गोली चलने की घटना सामने आई, जिसमें तीन छात्र घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में एक छात्र को पुलिस की गोली लगने की आशंका है, जबकि बाकी दो छात्रों को गोली कैसे लगी, इसकी जांच अभी जारी है. वहीं, घायलों के परिजनों का आरोप है कि तीनों छात्रों को पुलिस की फायरिंग में ही गोली लगी.

तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा

इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो में एक पुलिसकर्मी AK-47 राइफल के साथ दिखाई देता है. वीडियो सामने आने के बाद बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर सीधे AK-47 से गोली चलाई गई. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की आलोचना करते हुए मांग की कि गिरफ्तार छात्रों को तुरंत रिहा किया जाए और उनके खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो राष्ट्रीय जनता दल (RJD) राज्यभर में बड़ा आंदोलन करेगा.

हालांकि पुलिस ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है. अधिकारियों का कहना है कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए केवल आंसू गैस और सीमित बल का इस्तेमाल किया गया था. इसके बावजूद वायरल वीडियो सामने आने के बाद विभागीय जांच शुरू की गई और AK-47 से फायरिंग करने वाले जवान को सस्पेंड कर दिया गया. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

राहुल गांधी ने उठाए गंभीर सवाल

इस घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, छात्रों के खिलाफ पूरा का पूरा सिस्टम ही जानलेवा है. खबर आ रही है कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गई हैं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ़्तार करके उनपर FIR की जा रही है. मोदी जी, कहां गया आपका वादा कि छात्रों पर कोई FIR नहीं की जाएगी और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा? उल्टा उनपर घातक हमले और बर्बरता की जा रही है.


ये भी पढ़ें: जंतर-मंतर से वायरल हुआ लड़का, दो दिन में 150 मिलियन व्यूज; अब अचानक क्यों गायब हुआ Instagram अकाउंट?


उन्होंने आगे लिखा, “दिल्ली में छात्रों पर पेलेट गन चली और बिहार में AK-47. उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार हो या दिल्ली हर जगह पैटर्न एक ही है. पहले भी कहा है, ये सरकार झूठी है. सुधार इनके बस का नहीं है. अपनी बातों से मुकर जाएगी और हर तरकीब से छात्रों की आवाज दबाएगी. मोदी जी, देश के छात्रों से माफी मांगिए. और जिन्होंने छात्रों पर हमला किया है, उन्हें कुचला है उनपर कार्रवाई कीजिए, छात्रों पर नहीं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read