Bihar Wedding Firing Kevti: बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल स्थित केवटी गांव में गुरुवार की शाम खुशियों का माहौल मातम में बदल गया. दो अलग-अलग जातियों के घरों में चल रहे शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने और महिलाओं के साथ अभद्रता को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक भीषण हिंसक झड़प में तब्दील हो गया. उपद्रवियों ने सरेआम करीब 5 से 10 राउंड फायरिंग की, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि एक अन्य को भी गोली लगने की खबर है.
जानें कैसे शुरू हुआ विवाद?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गांव में दो पक्षों की ओर से महिलाएं डीजे की धुन पर नाचते हुए निकल रही थीं. तभी दोनों डीजे आमने-सामने आ गए. आरोप है कि दूसरे पक्ष के कुछ मनचले युवक महिलाओं के बीच घुसकर अभद्र डांस और छेड़खानी करने लगे. जब वहां मौजूद लोगों ने उन्हें फटकार कर भगाया, तो वे उस वक्त तो चले गए लेकिन कुछ ही देर में लाठी-डंडे और अवैध हथियारों (कट्टों) के साथ वापस लौट आए.
10 राउंड फायरिंग से दहल उठा गांव(Bihar Wedding Firing Kevti)
हथियारों से लैस बदमाशों ने डांस कर रहे महिला-पुरुषों पर हमला बोल दिया. विरोध करने पर उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. स्थानीय निवासी मौली महतो (रामेसर महतो का पुत्र) के जांघ में एक गोली लगी जो आर-पार हो गई. उन्हें आनन-फानन में निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है. वहीं घायल के परिजनों का दावा है कि मौली के भाई सुधीर प्रसाद के हाथ में भी गोली लगी है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल एक व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि की है.
जातीय तनाव की आशंका, छावनी में बदला गांव
मामले की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ के एसडीपीओ रामकृष्ण भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं. घटना के बाद से गांव में दो जातियों के बीच तनाव चरम पर है, जिसे देखते हुए सामियागढ़, घोसवरी और मोकामा समेत कई थानों की पुलिस को बैकअप के लिए बुलाया गया है. गांव इस वक्त पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है.
यह भी पढ़ें: तूफान से पहले की शांति! दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम, क्या है IMD की चेतावनी, जानें अपने शहर का हाल
पुलिस की क्या रही कार्रवाई ?
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके से खोखे बरामद किए हैं और आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है. पुलिस की कई टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. एसडीपीओ ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और गांव के बुजुर्गों के साथ शांति बैठक की जा रही है ताकि विवाद जातीय संघर्ष का रूप न ले ले.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
