इंस्टाग्राम कमेंट को लेकर बिलासपुर में दो पक्षों में हुई हिंसक झड़प (इमेज-Bharat Express)
Bilaspur Clash Instagram Comment: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शुक्रवार रात सोशल मीडिया पर विवादित कमेंट को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई. घटना के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दिया है. इसके तहत क्षेत्र में कई तरह की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है.
जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक सिटी कोतवाली क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर तलवार, चाकू, लाठी, भाला समेत अन्य हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा. शासकीय ड्यूटी पर तैनात कर्मियों, लाठी के सहारे चलने वाले वृद्ध-दिव्यांग और धार्मिक परंपरा के तहत कृपाण रखने वालों को छूट दी गई है.
इलाके में बिना अनुमति सभा, रैली, जुलूस, धरना, प्रदर्शन और हड़ताल पर रोक रहेगी. किसी स्थान पर 4 से अधिक लोगों के एकत्र होने पर भी प्रतिबंध रहेगा. हालांकि परिवार के सदस्यों के सामान्य आवागमन पर यह लागू नहीं होगा. आयोजन के लिए एसडीएम से अनुमति लेना अनिवार्य होगा.
तोड़फोड़ और सड़क जाम पर सख्ती
सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, तोड़फोड़, सड़क जाम करने और दहशत फैलाने पर भी रोक रहेगी. आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ BNS की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी.
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कल रात दो समुदाय आमने–सामने आ गए। खूब पथराव हुआ। एक दूसरे पर जलते हुए पटाखे फेंके। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ कंट्रोल की। ऐसा कहा जा रहा है कि सोहेल नाम के व्यक्ति ने गाय को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कमेंट किया था। pic.twitter.com/q8gezbF9b0
— Sachin Gupta (@Sachingupta) August 29, 2026
क्या है विवाद की वजह?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में विवादित कमेंट को लेकर बवाल शुरू हुआ. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में दो पक्ष आमने-सामने आ गए. विवाद के बाद इलाक में तनाव का माहौल बन गया. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी भी की गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.
ये भी पढ़ें- परिवार से मिली बेरुखी, कम्युनिटी बनी सहारा; KBC में छलका ट्रांसजेंडर प्राची का दर्द
वहीं स्थिति को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं. साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. मौके पर विधायक सुशांत शुक्ला के अलावा स्थानीय नागरिक थाने पहुंचे, पुलिस और प्रशासन के साथ बैठककर युवकों को समझाइश देकर माहौल को नियंत्रित किया जा रहा है.
बिलासपुर से भारत एक्सप्रेस के लिए प्रियंका की रिपोर्ट
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

