जुलूस पर अंडे फेंके जाने के बाद तनाव
महाराष्ट्र में गणेशोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं. लेकिन इसी बीच मुंबई के मझगांव इलाके में रविवार रात ‘माझगावचा मोरया’ के आगमन जुलूस के दौरान एक शर्मनाक घटना ने माहौल को बेहद तनावपूर्ण बना दिया. आरोप है कि जुलूस के दौरान पंडाल के ठीक सामने वाली एक इमारत से गणपति की मूर्ति और कार्यकर्ताओं पर अंडे फेंके गए. इस घटना से गुस्साए करीब 10 से 15 हजार लोग रात में ही सड़कों पर उतर आए. हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
‘याद रखना ईद भी आएगी…’ नितेश राणे के तीखे तेवर
गणेश जुलूस पर हुए इस हमले के बाद महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और कट्टर हिंदूवादी नेता नितेश राणे (Nitesh Rane) का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. उन्होंने बेहद सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि हिंदू त्योहारों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. राणे ने कहा, “यहाँ 90 प्रतिशत हिंदू रहते हैं. अगर हिंदू त्योहारों और गणेश जुलूसों पर इस तरह पत्थर और अंडे फेंके जाएंगे, तो जिहादी कहीं भी छिप जाएं, उन्हें छोड़ेंगे नहीं.”
राणे ने आगे कहा, “हिंदुत्व की सोच वाली सरकार के रहते हम यह सब बर्दाश्त नहीं करेंगे. पुलिस अपना काम कर रही है, लेकिन अगर गणेश जुलूस पर अंडे फेंके जा रहे हैं, तो याद रखना कि ईद भी आएगी, मुहर्रम भी आएगा. हमारी भगवद्गीता हमें धर्म की रक्षा के लिए हथियार उठाने की इजाजत देती है. कानून मानने का ठेका सिर्फ हिंदुओं ने नहीं लिया है.” उन्होंने साफ़ कहा कि जिन इमारतों से ऐसे कृत्य किए गए हैं, उन्हें चिह्नित कर लिया गया है.
इमारत की ‘सी-विंग’ से फेंका गया था अंडा
मंडल के सदस्यों और पुलिस में दर्ज FIR (भायखला पुलिस स्टेशन) के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:45 बजे जब जुलूस कॉन्टिनेंटल हाइट्स बिल्डिंग (Continental Heights) के पास पहुंचा और कार्यकर्ता बेंजो की धुन पर नाच रहे थे, तभी इमारत की ‘सी-विंग’ के ऊपरी हिस्से से अंडा फेंका गया. अंडा सीधे नाचने वाली जगह और श्री गणेश मूर्ति के बीच में आकर गिरा, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया.
ये भी पढ़ें: ड्रैगन की मांद में अजीत डोभाल! क्या निकलेगा कोई फॉर्मूला? जानें एजेंडों की लिस्ट
पुलिस ने दर्ज की FIR, इलाके में शांति
फिलहाल, भायखला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को आहत करना) और 196 (दो समूहों के बीच वैमनस्य फैलाना) के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. देर रात वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर भीड़ को शांत किया और अब इलाके में स्थिति नियंत्रण में है. लेकिन नितेश राणे के सख्त बयानों के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक गर्माहट तेज हो गई है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


