सतीश पूनिया, विनोद तावड़े और तरुण चुग
BJP News: बीजेपी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात जैसे अहम राज्यों के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है. पार्टी के इस फैसले को आने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. बीजेपी ने उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को सौंपी है. उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी बनाया गया है.
पंजाब में पार्टी ने राजस्थान के वरिष्ठ नेता डॉ. सतीश पूनिया पर भरोसा जताया है. वहीं, गुजरात की जिम्मेदारी तरुण चुग को दी गई है. बीजेपी के मुताबिक, ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी. बाकी राज्यों के संगठनात्मक प्रभारियों को लेकर फैसला बाद में किया जाएगा. तब तक वहां मौजूदा व्यवस्था ही जारी रहेगी.
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin ने श्री @TawdeVinod को उत्तर प्रदेश का प्रदेश प्रभारी एवं श्री @IJAGDISHPATEL को सह-प्रभारी, @DrSatishPoonia को पंजाब का प्रदेश प्रभारी और श्री @tarunchughbjp को गुजरात का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। pic.twitter.com/oVCSgdDMkB
— BJP (@BJP4India) August 18, 2026
चुनावी राज्यों पर बीजेपी का फोकस
उत्तर प्रदेश बीजेपी के लिए सबसे महत्वपूर्ण राज्यों में शामिल है. ऐसे में विनोद तावड़े को यहां की जिम्मेदारी मिलना काफी अहम माना जा रहा है. पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को और मजबूत करने की कोशिश में जुटी है. तावड़े को संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है और इसी वजह से उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है.
पंजाब में सतीश पूनिया के सामने पार्टी का आधार मजबूत करने की चुनौती होगी. बीजेपी लंबे समय से राज्य में अपने संगठन और चुनावी प्रभाव को बढ़ाने की कोशिश कर रही है. गुजरात में तरुण चुग को जिम्मेदारी दी गई है. गुजरात बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है, इसलिए पार्टी यहां भी संगठन को चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार रखना चाहती है.
नितिन नवीन की नई टीम में कई बड़े नाम
यह बदलाव बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यकाल में पार्टी की पहली बड़ी राष्ट्रीय टीम के गठन का हिस्सा माना जा रहा है. नई टीम में युवा और अनुभवी नेताओं को साथ लाने की कोशिश दिखाई दे रही है.
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है. पूर्व आरएसएस नेता राम माधव और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
ये भी पढ़ें: कौन है शहजाद भट्टी? 200 गिरफ्तारियों से हिला आतंकी नेटवर्क, स्वतंत्रता दिवस से पहले एजेंसियों का बड़ा एक्शन
वहीं, संगठन महामंत्री बीएल संतोष अपने पद पर बने रहेंगे. मीडिया की जिम्मेदारी अनिल बलूनी के पास ही रहेगी, जबकि सोशल मीडिया की कमान छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को सौंपी गई है. बीजेपी के इस पूरे फेरबदल से साफ है कि पार्टी अब संगठन को चुनावी जरूरतों के हिसाब से नए सिरे से मजबूत करने की तैयारी में है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



