Bharat Express DD Free Dish

राज्य का दर्जा या अलगाववाद की आग? NC के जंतर-मंतर प्रदर्शन पर गरजे बीजेपी अध्यक्ष सत शर्मा

जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिलाने के लिए 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रदर्शन में अलगाववादी नेता मीरवाइज उमर फारूक को न्योता दिया गया है. इस पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि NC एक बार फिर अलगाववाद को बढ़ावा दे रही है.

BJP Slams NC Protest Over Inviting Mirwaiz Umar Farooq

NC Protest: रवि शर्मा/जम्मू: जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन से पहले सूबे की सियासत में भूचाल आ गया है. नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) ने 20 जुलाई को होने वाले इस धरने में शामिल होने के लिए अलगाववादी नेता मीरवाइज उमर फारूक को बकायदा चिट्ठी भेजकर आमंत्रित किया है. इस न्योते के सामने आते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और तीखे हमले शुरू कर दिए हैं.

‘NC सुलगाना चाहती है अलगाववाद की आग’

इस पूरे मामले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए बीजेपी के जम्मू-कश्मीर प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस को आड़े हाथों लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि मीरवाइज को इस तरह का पत्र लिखना यह साफ दिखाता है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस कश्मीर में एक बार फिर अलगाववाद की आग को हवा देने की कोशिश कर रही है.

सत शर्मा का कहना है कि ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस का इतिहास रहा है कि उसने हमेशा पाकिस्तान को अपना हमदर्द और हितैषी माना है, भारत को नहीं. यही वजह है कि वे देश विरोधी ताकतों को मुख्यधारा की राजनीति में वापस लाने की जमीन तैयार कर रहे हैं.’

‘पीएम मोदी और गृह मंत्री पर पूरा भरोसा’

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सत शर्मा ने बताया कि जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस की तरफ से उन्हें भी निमंत्रण पत्र भेजा गया था. लेकिन उन्होंने इस प्रदर्शन से पूरी तरह दूरी बनाने का फैसला किया है.

सत शर्मा ने कहा, ‘हमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नीयत और नीतियों पर पूरा भरोसा है. केंद्र सरकार ने संसद के पटल से जम्मू-कश्मीर की जनता से वादा किया है कि सही समय आने पर सूबे को राज्य का दर्जा जरूर वापस मिलेगा. ऐसे में दिल्ली जाकर इस तरह के प्रदर्शन का हिस्सा बनने का कोई मतलब नहीं है.’

फिलहाल, 20 जुलाई के इस प्रदर्शन को लेकर दिल्ली से लेकर श्रीनगर तक सियासी पारा चढ़ गया है.

ये भी पढ़ें: ‘3 साल पहले लेता था ड्रग्स…’, जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी के कुबूलनामे से सियासत में भूचाल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read