Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

मुंबई में खत्म हुआ ठाकरे परिवार का दबदबा, बीजेपी ने उनके ही गढ़ में लगाई सेंध

BJP Wins Mumbai BMC: बृहन्मुंबई महानगर पालिका चुनाव में बीजेपी और शिवसेना (शिंदे गुट) की महायुति ने बहुमत हासिल कर इतिहास रच दिया. इस जीत के साथ ठाकरे परिवार का लंबे समय से चला आ रहा वर्चस्व खत्म हो गया है.

BJP Wins Mumbai BMC: बृहन्मुंबई महानगर पालिका चुनावों में बीजेपी और शिवसेना (शिंदे गुट) की महायुति ने शानदार जीत दर्ज की है. इस जीत के साथ एशिया के सबसे अमीर नगर निकाय पर ठाकरे परिवार का लंबे समय से चला आ रहा वर्चस्व समाप्त हो गया. अब मुंबई को वर्षों बाद बीजेपी-शिवसेना गठबंधन से महापौर मिलने जा रहा है.

बीजेपी का शानदार प्रदर्शन

बीजेपी ने इस बार अपने पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया. 2017 में पार्टी ने 82 सीटें जीती थीं, जबकि इस बार उसने 227 वार्डों में से 89 पर कब्जा जमाया. सहयोगी शिवसेना (शिंदे गुट) को 29 सीटें मिलीं. इस तरह गठबंधन की कुल सीटें 118 हो गईं, जो बहुमत के लिए जरूरी 114 के आंकड़े से कहीं आगे हैं.

ठाकरे परिवार को बड़ा झटका

बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने साथ मिलकर इस बार ठाकरे परिवार के मजबूत गढ़ में बड़ी सेंध लगाई. वहीं दूसरी तरफ उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT), राज ठाकरे की मनसे और शरद पवार की एनसीपी के गठबंधन को कुल 72 सीटों पर जीत मिली. इनमें शिवसेना (UBT) ने 65 वार्डों में सफलता हासिल की, मनसे को छह सीटें मिलीं और एनसीपी (शरद पवार) को केवल एक सीट पर जीत दर्ज करने का मौका मिला.

अन्य दलों का प्रदर्शन

कांग्रेस ने इस चुनाव में 24 सीटें जीतीं, जबकि AIMIM को आठ, एनसीपी (अजित पवार) को तीन और समाजवादी पार्टी को दो सीटें मिलीं. दो निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी रहे. गौरतलब है कि 1997 से अब तक बीएमसी पर शिवसेना का कब्जा रहा था, जिसे इस बार महायुति ने तोड़ दिया.

पीएम मोदी का जताया आभार

बीजेपी-शिवसेना गठबंधन की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई की जनता का आभार जताया. उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा कि एनडीए (NDA) को आशीर्वाद देने के लिए वे मुंबईवासियों के बेहद आभारी हैं. पीएम मोदी ने कहा कि मुंबई देश का गौरव है, यह सपनों का शहर है और भारत की प्रगति को गति देने वाला केंद्र है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि गठबंधन शहरवासियों को बेहतर शासन और सुविधाएं देगा.

मुंबई की पहचान और वादा

पीएम मोदी ने कहा कि मुंबई महाराष्ट्र की जीवंत संस्कृति की झलक पेश करता है. उन्होंने कहा कि इसी भावना से प्रेरित होकर महायुति गठबंधन शहर के लोगों को सुशासन और जीवन को आसान बनाने के लिए काम करेगा.

ये भी पढ़ें-महाराष्ट्र में महायुति की महा विजय! पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- जनता के साथ रिश्ता और गहरा हुआ

बीएमसी की कुल 227 सीटों में बहुमत के लिए 114 की जरूरत होती है. इस बार 54.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. देश के सबसे अमीर नगर निकाय बीएमसी का 2025-26 का बजट 74,427 करोड़ रुपये है, जिस पर अब महायुति का नियंत्रण होगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital