Bokaro Civil Court Bomb Threat: बोकारो/मनोज गर्ग: झारखंड के बोकारो जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जिला व्यवहार न्यायालय (Civil Court) को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. इस धमकी भरे ई-मेल के बाद पूरे जिले के प्रशासनिक और पुलिस अमले में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में कोर्ट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया और न्यायिक कार्यों को रोककर सुरक्षा जांच शुरू की गई.
सुबह 9 बजे आया ‘खौफनाक’ मेल
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजे बोकारो कोर्ट के रजिस्ट्रार के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक संदेश प्राप्त हुआ. इस मेल में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में 14 ‘साइनाइड बम’ लगाए गए हैं, जिन्हें जल्द ही ब्लास्ट कर दिया जाएगा. ई-मेल भेजने वाले ने अपना नाम सौरव विश्वास बताया है. चौंकाने वाली बात यह है कि इस मेल में तमिलनाडु के किसी पुराने मामले और प्रतिबंधित संगठन ISI का भी जिक्र किया गया है.
खाली कराया गया न्याय सदन
धमकी की सूचना मिलते ही बोकारो के पुलिस अधीक्षक (SP) हरविंदर सिंह, सिटी डीएसपी और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे व्यवहार न्यायालय, न्याय सदन और जिला अधिवक्ता बार एसोसिएशन परिसर को तुरंत खाली कराया गया. परिसर के भीतर खड़ी सैकड़ों गाड़ियों को बाहर निकाला गया और प्रवेश द्वारों को सील कर दिया गया.
बम और डॉग स्क्वॉड की सघन तलाशी
परिसर की सुरक्षा के लिए रांची से बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों को बुलाया गया. पुलिस बल के जवानों ने चप्पे-चप्पे की तलाशी ली. एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के मेल पहले भी एटीएस (ATS) को मिल चुके हैं, जिसकी तकनीकी जांच की जा रही है कि ई-मेल का सर्वर कहां का है.
ये भी पढ़ें: विश्व कप की जीत का जश्न पड़ा भारी; उज्जैन की कॉलोनी में चले तलवार और डंडे, कई लोग लहूलुहान
हालांकि अब तक की जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला है, लेकिन न्यायिक परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर ऐसी धमकी मिलना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है. पुलिस अब साइबर सेल की मदद से ई-मेल भेजने वाले ‘सौरव विश्वास’ के पीछे की सच्चाई जानने में जुटी है. फिलहाल, कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और दहशत का माहौल धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

